कलकत्ता उच्च न्यायालय ने तत्काल सुनवाई का पूर्व तृणमूल विधायक निर्मल घोष का अनुरोध खारिज किया
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने तत्काल सुनवाई का पूर्व तृणमूल विधायक निर्मल घोष का अनुरोध खारिज किया
कोलकाता, 13 जुलाई (भाषा) कलकत्ता उच्च न्यायालय ने सोमवार को तृणमूल कांग्रेस के पूर्व मुख्य सचेतक निर्मल घोष की उस याचिका पर तत्काल सुनवाई का अनुरोध ठुकरा दिया जिसमें उन्होंने अपने विरूद्ध दर्ज प्राथमिकी पर पुलिस कार्रवाई से संरक्षण का आग्रह किया है।
न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य ने घोष के वकील से कहा कि मामले की सुनवाई सूची के क्रम के अनुसार होगी।
इससे पहले निर्मल घोष के बेटे तीर्थंकर घोष को धोखाधड़ी और जबरन वसूली के आरोप में सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया।
पानीहाटी से तीन बार विधायक रहे निर्मल घोष भी कथित जबरन वूसली मामले में आरोपी हैं।
निर्मल घोष के वकील ने उच्च न्यायालय में दावा किया कि 2026 का विधानसभा चुनाव हारने के बाद, उनके मुवक्किल के खिलाफ बेबुनियाद और मनगढ़ंत आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
निर्मल घोष भाजपा की रत्ना देबनाथ से हार गए थे, जो आरजी कर चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में बलात्कार एवं हत्या की शिकार चिकित्सक की मां हैं।
नौ अगस्त 2024 को इस चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल के संगोष्ठी कक्ष में एक प्रशिक्षु डॉक्टर का शव मिला था, जिसके बाद इस घटना को लेकर देश भर में आक्रोश फैल गया था।
भाषा राजकुमार अविनाश
अविनाश
अविनाश

Facebook


