मनाली में सरकारी कर्मचारी के मृत पाए जाने के बाद उसकी सहजीवन साथी पर मामला दर्ज
मनाली में सरकारी कर्मचारी के मृत पाए जाने के बाद उसकी सहजीवन साथी पर मामला दर्ज
शिमला, 11 मार्च (भाषा) मनाली में 54 वर्षीय एक सरकारी कर्मचारी के मृत पाए जाने के बाद उसके सहजीवन साथी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
मृतक की पहचान लाहौल-स्पीति के निवासी रंजीत सिंह के रूप में हुई है, जो एक सरकारी स्कूल में सहायक के पद पर कार्यरत थे और पिछले पांच वर्षों से नम्रता के साथ पतलीकूहल गांव के एक किराए के मकान में रह रहे थे।
मामला तब सामने आया जब नम्रता ने मंगलवार को पुलिस को सूचना दी कि सोमवार रात को उनका रंजीत से झगड़ा हुआ था और अगली सुबह वह अचेत अवस्था में मिले।
इसके बाद पुलिस और रंजीत के परिवार वाले मौके पर पहुंचे।
रंजीत की पत्नी टाली पालमो ने बताया कि उनके पति के गर्दन, छाती और पेट पर चोट के निशान थे और उन्होंने हत्या किए जाने का आरोप लगाया।
परिवार वालों ने कहा कि रंजीत सात मार्च को पतलीकूहल पहुंचे थे और सोमवार रात को जब उन्होंने आखिरी बार अपनी पत्नी से फोन पर बात की थी, तब वह नशे की हालत में थे।
मनाली के पुलिस उपाधीक्षक के.डी. शर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है और नम्रता को हिरासत में ले लिया गया है।
उन्होंने बताया कि जांच के लिए फॉरेंसिक टीम बुलाई गई है; शव को कब्जे में लिया गया है और जल्द ही पोस्टमार्टम किया जाएगा।
भाषा खारी मनीषा
मनीषा

Facebook


