सीबीआई ने सौर पैनल ऋण मंजूरी के लिए रिश्वत लेने के आरोप में आगरा के बैंक प्रबंधक को गिरफ्तार किया
सीबीआई ने सौर पैनल ऋण मंजूरी के लिए रिश्वत लेने के आरोप में आगरा के बैंक प्रबंधक को गिरफ्तार किया
नयी दिल्ली, 26 जून (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक बैंक प्रबंधक को सौर पैनल ऋण से संबंधित फाइलों को मंजूरी देने के एवज में रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
सीबीआई ने एक बयान में कहा कि आरोपी की पहचान प्रवीण यादव के रूप में हुई है। उसे 19 सौर पैनल से संबंधित ऋण की फाइलों को मंजूरी देने के बदले तय की गई रिश्वत की राशि में से कथित तौर पर पर 30,000 रुपये लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
एजेंसी के अनुसार, यह मामला 25 जून को एक निजी कंपनी के कर्मचारी की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि आरोपी ने 19 सौर पैनल ऋण फाइलों को आगे बढ़ाने तथा मंजूरी देने के लिए प्रति फाइल 7,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
सीबीआई ने बताया कि बातचीत के बाद आरोपी 19 फाइलों को मंजूरी देने के लिए कुल 52,000 रुपये रिश्वत लेने पर राजी हो गया। ये सभी ऋण फाइलें पहले ही बैंक द्वारा स्वीकृत की जा चुकी थीं।
एजेंसी ने कहा, ‘‘सीबीआई ने जाल बिछाकर आरोपी प्रबंधक को शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग करते और रिश्वत की आंशिक राशि, यानी 30,000 लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।’’
बयान के अनुसार, प्रवीण यादव आगरा के बरहन क्षेत्र स्थित भदरौली शाखा में तैनात था। उसे 25 जून को गिरफ्तार किया गया और शुक्रवार को उसे गाजियाबाद की एक अदालत में पेश किया जाना था।
भाषा गोला वैभव
वैभव

Facebook


