सीबीआई ने लद्दाख में धन के गबन के आरोप में बीआरओ के सहायक इंजीनियर, दो ठेकेदारों को गिरफ्तार किया
सीबीआई ने लद्दाख में धन के गबन के आरोप में बीआरओ के सहायक इंजीनियर, दो ठेकेदारों को गिरफ्तार किया
नयी दिल्ली, सात जुलाई (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने लद्दाख में सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के धन के कथित गबन के मामले में एक सहायक इंजीनियर और करगिल के श्रमिक उपलब्ध कराने वाले दो ठेकेदारों को गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि यह मामला रक्षा मंत्रालय द्वारा दर्ज करायी गयी शिकायतों के आधार पर दर्ज किया गया था।
सीबीआई ने एक बयान में कहा कि गिरफ्तार सहायक इंजीनियर (सिविल) खात्से-बटालिक सेक्टर में प्रभारी अधिकारी के रूप में तैनात था। उसने श्रमिक उपलब्ध कराने वाले दोनों ठेकेदारों के साथ मिलकर फर्जी मजदूरों के नाम पर भुगतान दिखाकर बीआरओ के धन का गबन करने की साजिश रची।
बयान में कहा गया है, ‘‘सहायक इंजीनियर ने दोनों ठेकेदारों के साथ मिलकर ऐसे मजदूरों के नाम पर सीमा सड़क संगठन के धन का गबन किया, जिन्हें काम पर रखा ही नहीं गया था और ठेकेदारों ने यह राशि उसके बैंक खाते में जमा करायी।’’
ये गिरफ्तारियां सीबीआई द्वारा एक दिन पहले लद्दाख में बीआरओ की विभिन्न परियोजनाओं में धन के कथित गबन के संबंध में चार प्राथमिकी दर्ज करने और 26 स्थानों पर छापेमारी करने के बाद की गईं।
सीबीआई ने पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश में भी तलाशी अभियान चलाया।
जांच एजेंसी के अनुसार, ये मामले रक्षा मंत्रालय की शिकायतों पर दर्ज किए गए हैं, जिनमें लोक सेवकों द्वारा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आपराधिक कदाचार और रिश्वतखोरी तथा आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वास भंग और जालसाजी जैसे अपराधों के आरोप लगाए गए हैं।
सीबीआई ने बताया कि आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद गिरफ्तार आरोपियों को लद्दाख की संबंधित अदालत में पेश किया जाएगा।
भाषा गोला सुरेश
सुरेश

Facebook


