नयी दिल्ली, 18 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 1.6 करोड़ रुपये के ‘‘डिजिटल अरेस्ट’’ प्रकरण के सिलसिले में इंडसइंड बैंक के एक सहायक प्रबंधक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि जांच के तहत एजेंसी ने तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के पांच स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया।
उच्चतम न्यायालय ने मामले की जांच सीबीआई को सौंपी थी।
एजेंसी के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर एक वरिष्ठ नागरिक को ‘‘डिजिटल अरेस्ट’’ कर 1.6 करोड़ रुपये हस्तांतरित करने के लिए मजबूर किया।
सीबीआई ने पाया कि बैंक अधिकारी ने कथित तौर पर एक कंपनी के नाम पर फर्जी खाता खोलने में मदद की, जिसके जरिये अपराध से प्राप्त राशि की लेनदेन की गई।
एजेंसी के अनुसार, ‘‘गिरफ्तार किए गए दो अन्य आरोपी फर्जी बैंक खाते खोलने और पीड़ित से प्राप्त अपराध की रकम को कई खातों के माध्यम से छिपाने और स्थानांतरित करने में सक्रिय रूप से शामिल थे।’’
सीबीआई ने बताया कि आरोपियों से जुड़े परिसरों में तलाशी के दौरान कई आपत्तिजनक दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं।
भाषा सुभाष धीरज
धीरज