दुबई, 18 अप्रैल (एपी) ईरान ने शनिवार को कहा कि वह अमेरिका की ओर से पेश किये गये नये प्रस्तावों की समीक्षा कर रहा है।
ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने एक बयान में कहा कि पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने मध्यस्थ के रूप में कार्य करते हुए हाल में तेहरान की अपनी यात्रा के दौरान ईरान को ये प्रस्ताव प्रस्तुत किए थे, जिनकी समीक्षा की जा रही है।
इसका खुलासा नहीं किया गया कि प्रस्तावों में क्या शामिल था।
परिषद ने कहा कि ईरान ने अभी तक कोई जवाब नहीं दिया है, लेकिन आगे की बातचीत के लिए अमेरिका को ‘‘अत्यधिक मांगों’’ को छोड़ना होगा और जमीनी हकीकत के अनुरूप अपने अनुरोधों को समायोजित करना होगा।
इसने यह भी कहा कि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य से यातायात पर तब तक पूर्ण नियंत्रण बनाये रखेगा जब तक कि ‘‘युद्ध पूरी तरह से समाप्त नहीं हो जाता और क्षेत्र में स्थायी शांति का माहौल कायम नहीं हो जाता।’’
परिषद ने कहा कि वह अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी को युद्धविराम का उल्लंघन मानती है और जब तक इसे हटाया नहीं जाता तब तक होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा नहीं खोला जायेगा।
इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ वार्ता ठीक चल रही है।
ट्रंप ने शनिवार सुबह व्हाइट हाउस में एक कार्यक्रम के दौरान ये टिप्पणियां कीं। उन्होंने ईरान के बारे में पत्रकारों के सवालों का जवाब देने से इनकार कर दिया, लेकिन कहा, ‘‘हमारी बहुत अच्छी बातचीत चल रही है।’’
उन्होंने कहा कि ईरान ‘‘थोड़ी चालाकी’’ दिखाने की कोशिश कर रहा था। उन्होंने कहा, ‘‘वे फिर से जलडमरूमध्य को बंद करना चाहते थे।’’
ट्रंप ने कहा, ‘‘वे हमें ब्लैकमेल नहीं कर सकते।’’
एपी देवेंद्र सुरेश
सुरेश