हम समीक्षा करेंगे, लेकिन परिणाम का अत्यधिक विश्लेषण नहीं करेंगे: बोबाट

Ads

हम समीक्षा करेंगे, लेकिन परिणाम का अत्यधिक विश्लेषण नहीं करेंगे: बोबाट

  •  
  • Publish Date - April 18, 2026 / 09:20 PM IST,
    Updated On - April 18, 2026 / 09:20 PM IST

… जी. उन्नीकृष्णन…

बेंगलुरु, 18 अप्रैल (भाषा) रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के क्रिकेट निदेशक मो बोबाट ने रोमांचक मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मिली छह विकेट की करीबी हार के बाद कहा कि टीम इस प्रदर्शन की ‘ईमानदार समीक्षा’ करेगी, लेकिन परिणाम का ‘अधिक विश्लेषण’ नहीं किया जाएगा। आईपीएल 2026 में आरसीबी को यह दूसरी हार झेलनी पड़ी। टीम आठ विकेट पर 175 रन ही बना सकी। कैपिटल्स ने एक गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। बोबाट ने मैच के बाद कहा, “हम आमतौर पर जितने सहज होते हैं, उतने नहीं दिखे। हालांकि अब तक इस टूर्नामेंट में हमारी बल्लेबाजी मजबूत रही है, इसलिए हम इसे ज्यादा तूल नहीं देंगे। हम हमेशा की तरह ईमानदारी से समीक्षा करेंगे।” उन्होंने कहा कि टीम ने भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड जैसे मुख्य गेंदबाजों के ओवर पहले ही इस्तेमाल कर जोखिम लिया, जिससे अंतिम ओवर में कामचलाऊ गेंदबाज रोमारियो शेफर्ड को गेंदबाजी करनी पड़ी। शेफर्ड आखिरी ओवर में 15 रन बचाने की जिम्मेदारी पर थे, जहां सामने डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स जैसे अनुभवी फिनिशर मौजूद थे। बोबाट ने कहा, “कभी-कभी मैच में वापसी के लिए आपको अपने प्रमुख गेंदबाजों का इस्तेमाल पहले करना पड़ता है, जो जोखिम भरा फैसला होता है। अंत में शेफर्ड के लिए यह चुनौतीपूर्ण स्थिति थी, लेकिन हमें मैच को आखिरी तक ले जाना था।” भाषा आनन्द आनन्द नमितानमिता