बीआरओ की निधि के ‘गबन’ मामले में सीबीआई ने 11 राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों में तलाशी ली

बीआरओ की निधि के 'गबन' मामले में सीबीआई ने 11 राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों में तलाशी ली

बीआरओ की निधि के ‘गबन’ मामले में सीबीआई ने 11 राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों में तलाशी ली
Modified Date: July 6, 2026 / 09:06 pm IST
Published Date: July 6, 2026 9:06 pm IST

नयी दिल्ली, छह जुलाई (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने सोमवार को सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की निधि के गबन से जुड़े चार अलग-अलग मामलों में 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 26 स्थानों पर तलाशी ली।

अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई सीबीआई द्वारा लेफ्टिनेंट कर्नल, मेजर और इंजीनियर रैंक के 10 अधिकारियों तथा कुछ निजी व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किये जाने के बाद की गई है।

अधिकारियों ने बताया कि जम्मू कश्मीर, लद्दाख, दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, असम, अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड में तलाशी अभियान चलाया गया।

सीबीआई के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘‘ये मामले लद्दाख केंद्र-शासित प्रदेश में ‘विजयक’ और ‘योजक’ परियोजनाओं के तहत अस्थायी श्रमिकों की तैनाती और फर्जी अस्थायी श्रमिकों के नाम पर किये गए भुगतान में हुई अनियमितता से संबंधित हैं।’’

बीआरओ की एक आंतरिक जांच के बाद, रक्षा मंत्रालय की शिकायतों पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘यह मामला सरकारी धन के गबन, धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक विश्वासघात और भारतीय दंड संहिता के तहत आपराधिक साजिश तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत आपराधिक कदाचार और रिश्वतखोरी से संबंधित है।’’

भाषा सुभाष धीरज

धीरज


लेखक के बारे में