सीबीआई ने घर खरीदारों से धोखाधड़ी के दो मामलों में आरोप पत्र दाखिल किए

सीबीआई ने घर खरीदारों से धोखाधड़ी के दो मामलों में आरोप पत्र दाखिल किए

सीबीआई ने घर खरीदारों से धोखाधड़ी के दो मामलों में आरोप पत्र दाखिल किए
Modified Date: July 7, 2026 / 10:26 pm IST
Published Date: July 7, 2026 10:26 pm IST

नयी दिल्ली, सात जुलाई (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बेंगलुरु में घर खरीदारों के साथ बड़े पैमाने पर “धोखाधड़ी” के अलग-अलग मामलों में इथाका एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड और एलजीसीएल अर्बन होम्स (इंडिया) एलएलएपी के खिलाफ दो अलग-अलग आरोप पत्र दाखिल किए हैं। सीबीआई प्रवक्ता ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

प्रवक्ता ने बताया कि केंद्रीय एजेंसी ने एक आवासीय परियोजना में कथित धोखाधड़ी से जुड़े मामले में दो कंपनियों के निदेशकों और एचडीएफसी बैंक लिमिटेड, आईसीआईसीआई बैंक लिमिटेड और इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड के अधिकारियों को भी आरोपी बनाया है।

प्रवक्ता ने बताया, ‘‘दोनों आरोप पत्र बेंगलुरु में सीबीआई मामलों की संबंधित अदालतों में दाखिल किए गए हैं।’’

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी बिल्डर कंपनी और उसके निदेशकों ने बैंक अधिकारियों और अन्य निजी लोगों के साथ मिलकर, कथित तौर पर झूठे वादों और धोखाधड़ी वाली बातों से घर खरीदारों/निवेशकों को बहकाया और गैर-कानूनी तरीकों से आर्थिक लाभ प्राप्त किया।

प्रवक्ता के मुताबिक, ‘‘जांच में अहम सबूत मिले हैं और सक्षम अदालत में आरोप पत्र दाखिल किए गए हैं। ये आरोप पत्र आपराधिक साजिश, आधिकारिक पद के दुरुपयोग, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात से संबंधित भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धाराओं और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत दायर किए गए हैं।’’

प्रवक्ता के अनुसार, एजेंसी उच्चतम न्यायालय के निर्देशों पर देशभर की अलग-अलग बिल्डर कंपनियों और वित्तीय संस्थानों के अज्ञात अधिकारियों के खिलाफ धोखाधड़ी और धन के गलत इस्तेमाल के आरोपों से जुड़े 34 और मामलों की जांच कर रही है।

उन्होंने बताया कि सीबीआई ने इन मामलों में अब तक 13 आरोप पत्र दाखिल किए हैं।

भाषा धीरज पारुल

पारुल


लेखक के बारे में