सीबीएसई ने कक्षा 10वीं, 12वीं के छात्रों से प्रश्नपत्र लीक होने की अफवाहों पर ध्यान न देने को कहा

सीबीएसई ने कक्षा 10वीं, 12वीं के छात्रों से प्रश्नपत्र लीक होने की अफवाहों पर ध्यान न देने को कहा

सीबीएसई ने कक्षा 10वीं, 12वीं के छात्रों से प्रश्नपत्र लीक होने की अफवाहों पर ध्यान न देने को कहा
Modified Date: February 16, 2026 / 07:15 pm IST
Published Date: February 16, 2026 7:15 pm IST

नयी दिल्ली, 16 फरवरी (भाषा) केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने विद्यार्थियों और सभी संबंधित हितधारकों से मंगलवार से शुरू होने वाली कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में प्रश्न पत्र लीक होने की अफवाहों से गुमराह न होने का आग्रह किया है।

अधिकारियों के अनुसार भारत और विदेश से 46 लाख से अधिक छात्र बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने वाले हैं।

कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 10 मार्च को समाप्त होंगी जबकि कक्षा 12वीं की परीक्षाएं नौ अप्रैल को समाप्त होंगी।

कक्षा 10वीं के छात्र मंगलवार को गणित की परीक्षा देंगे, जबकि कक्षा 12वीं की परीक्षा चार विषयों जैव प्रौद्योगिकी, उद्यमिता, हिंदी आशुलिपि (शॉर्टहैंड) और अंग्रेजी आशुलिपि के लिए निर्धारित है।

सीबीएसई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘जैसा कि पहले भी देखा गया है, कुछ अनैतिक तत्व परीक्षाओं के दौरान विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर फर्जी खबरें फैलाकर छात्रों और अभिभावकों को गुमराह करने का प्रयास करते हैं। इस तरह की गलत सूचनाओं में अक्सर प्रश्नपत्र लीक होने और बोर्ड की कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के कथित प्रश्नपत्रों के प्रसार के झूठे दावे शामिल होते हैं।’’

अधिकारी ने कहा, ‘‘इसलिए, सीबीएसई अभिभावकों, विद्यार्थियों, विद्यालयों और सभी संबंधित हितधारकों से आग्रह करता है कि वे सतर्क रहें और अपुष्ट समाचारों, अफवाहों या फर्जी खबरों से गुमराह न हों। इस तरह की निराधार सामग्री पर भरोसा करना, उससे जुड़ना या उसे आगे बढ़ाना अनावश्यक चिंता और भ्रम पैदा कर सकता है और तैयारियों पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है।’’

बोर्ड ने विद्यार्थियों को स्थानीय परिस्थितियों, यातायात, मौसम की स्थिति और दूरी को ध्यान में रखते हुए सुबह 10 बजे तक अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने का निर्देश दिया है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘परीक्षा सुबह साढ़े 10 बजे शुरू होगी, इसलिए सभी विद्यार्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने परीक्षा केंद्र पर सुबह 10 बजे या उससे पहले पहुंच जाएं। परीक्षा के दिनों में होने वाले महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलनों, उच्च स्तरीय बैठकों और अन्य कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए, संभावित यातायात नियमों के कारण देश के विभिन्न हिस्सों में भीड़भाड़, मार्ग परिवर्तन और देरी हो सकती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए, सभी विद्यार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे अपने घरों से जल्दी निकलें ताकि वे सीबीएसई द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार परीक्षा केंद्र पर समय पर पहुंच सकें।’’

भाषा देवेंद्र माधव

माधव


लेखक के बारे में