केंद्र ने नेटग्रिड के बेंगलुरु परिसर के लिए सीआईएसएफ सुरक्षा को मंजूरी दी
केंद्र ने नेटग्रिड के बेंगलुरु परिसर के लिए सीआईएसएफ सुरक्षा को मंजूरी दी
नयी दिल्ली, 31 मई (भाषा) केंद्र ने बेंगलुरु स्थित नेटग्रिड परिसर की सुरक्षा के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के कर्मियों की तैनाती को मंजूरी दे दी है।
अर्धसैनिक बल के एक प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि गृह मंत्रालय ने इसके लिए कुल 76 पदों को मंजूरी दी है।
सीआईएसएफ के प्रवक्ता ने बताया कि नेटग्रिड (राष्ट्रीय खुफिया ग्रिड) एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सुरक्षा अवसंरचना है जो आतंकवाद रोधी अभियानों का सहयोग करने के लिए कई खुफिया और कानून प्रवर्तन डेटाबेस से डेटा एकत्रित करती है।
बेंगलुरु के येलाहांका में इसका एक परिसर है। दिल्ली स्थित इसके मुख्यालय की सुरक्षा का जिम्मा पहले से ही सीआईएसएफ के पास है ताकि आतंकवादी हमलों और तोड़फोड़ से सुरक्षा प्रदान की जा सके।
गृह मंत्रालय के अधीन नेटग्रिड सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों में महत्वपूर्ण और संवेदनशील प्रतिष्ठानों को सुरक्षा प्रदान करता है।
पिछले सप्ताह इसी तरह के एक घटनाक्रम में सीआईएसएफ ने 90 कर्मियों की तैनाती के साथ दिल्ली के चाणक्यपुरी इलाके में सुषमा स्वराज भवन की सुरक्षा का जिम्मा संभाल लिया था।
विदेश मंत्रालय के अधीन स्थित यह भवन एक सांस्कृतिक केंद्र है, जो प्रवासी भारतीयों के साथ संबंध मजबूत करने के लिए कार्यक्रमों का आयोजन करता है और इसी तरह की अन्य गतिविधियां भी संचालित करता है। इसे पहले प्रवासी भारतीय केंद्र के नाम से जाना जाता था।
भाषा आशीष नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


