केंद्र ने ईंधन पर उत्पाद शुल्क घटाया, केरल सरकार भी कर घटाए: चंद्रशेखर
केंद्र ने ईंधन पर उत्पाद शुल्क घटाया, केरल सरकार भी कर घटाए: चंद्रशेखर
तिरुवनंतपुरम, 27 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र ने उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए पेट्रोल और डीजल पर विशेष उत्पाद शुल्क घटाया है ।
उन्होंने केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन से ईंधन पर राज्य करों में कटौती करने की अपील की।
चंद्रशेखर ने कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) द्वारा एक-दूसरे पर भाजपा के साथ समझौता कर लेने के लगाये गये आरोपों को भी खारिज करते हुए कहा कि “ऐसा कोई समझौता नहीं हुआ है।”
चंद्रशेखर ने दावा किया कि यह एक ऐसा विमर्श है, जिसे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के विकास आधारित चुनाव अभियान से ध्यान भटकाने के लिए गढ़ा जा रहा है।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि केंद्र सरकार ने वैश्विक कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के प्रभाव से उपभोक्ताओं को बचाने के लिए विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क (एसएईडी) को 13 रुपये से घटाकर तीन रुपये कर दिया है।
उन्होंने विजयन से अपील की कि पेट्रोल और डीजल पर राज्य द्वारा लगाए जा रहे करों में कटौती की जाए, ताकि उत्पाद शुल्क में कमी का लाभ राज्य के उपभोक्ताओं तक पहुंच सके।
इस बीच, चंद्रशेखर ने यह भी दावा किया कि नेमोम विधानसभाक्षेत्र में उनके प्रतिद्वंद्वी राज्य के शिक्षा मंत्री वी शिवनकुट्टी हार के डर से विभिन्न हथकंडे अपना रहे हैं।
उन्होंने कहा, “इनमें से एक तरीका यह है कि माकपा के एक शाखा सचिव, जिनका नाम राजीव है, को इस सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में उतारा गया है।’’
चंद्रशेखर ने कहा, “दूसरा तरीका यह है कि श्रम विभाग के कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के चुनाव अधिकारियों की सहायता के लिए अधिकारी के रूप में नियुक्त किया जा रहा है।”
चंद्रशेखर ने कहा, “यह दिखाता है कि वह हारने से डर रहे है।”
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नेमोम से विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वह हमेशा कांग्रेस को “सबसे बेशर्म पार्टी” मानते थे, लेकिन वी शिवनकुट्टी अब उन्हें “कड़ी टक्कर दे रहे हैं।”
उन्होंने दावा किया कि माकपा के पास अपने 10 साल के शासन की उपलब्धियां दिखाने के लिए कुछ नहीं है, इसलिए वह विवाद खड़े कर रही है, झूठ फैला रही है, हमनाम उम्मीदवार उतार रही है और विधानसभा चुनाव जीतने के लिए श्रम विभाग के कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के रूप में नियुक्त कर रही है।
श्रम विभाग का प्रभार भी वी शिवनकुट्टी के पास है।
चंद्रशेखर ने काह कि कांग्रेस और माकपा एक-दूसरे पर “भाजपा के साथ समझौता कर लेने” का जो आरोप लगा रही है, वह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के विकास आधारित चुनाव अभियान से ध्यान भटकाने के लिए गढ़ा गया विमर्श है।
उन्होंने कहा कि केरल के बाहर कांग्रेस और माकपा के बीच दोस्ती है।
भाषा
राखी राजकुमार
राजकुमार

Facebook


