मणिपुर में जनगणना टालने के फैसले से राज्य के प्रति केंद्र की गंभीरता दिखती है : मुख्यमंत्री
मणिपुर में जनगणना टालने के फैसले से राज्य के प्रति केंद्र की गंभीरता दिखती है : मुख्यमंत्री
इंफाल, पांच सितंबर (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने शनिवार को कहा कि राज्य में जनगणना टालने का केंद्र का फैसला दिखाता है कि वह राज्य के लोगों की जायज चिंताओं के प्रति काफी गंभीर है।
जनगणना टालने की सूचना शनिवार को राजपत्र (गजट) के जरिए अधिसूचित की गयी।
सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मणिपुर के लिए एक स्वागतयोग्य और अहम फैसला। जनगणना को टालने की सूचना आज राजपत्र के जरिए दी गई, जो दिखाता है कि भारत सरकार हमारे लोगों की जायज़ चिंताओं को लेकर गंभीर है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और माननीय गृह मंत्री अमित शाह का उनके नेतृत्व और समझ के लिए मैं दिल से आभार व्यक्त करता हूं।’’
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि केंद्र सरकार ने 31 अगस्त को मणिपुर में जनगणना की प्रक्रिया को टाल दिया था। यह फैसला नागरिक समाज संगठनों की उस मांग को ध्यान में रखते हुए किया गया था जिसमें जनगणना शुरू करने से पहले राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर को अपडेट करने की बात कही गई थी।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हम अपने लोगों के जायज़ हितों की रक्षा और मणिपुर में शांति, सुरक्षा और स्थिरता को मज़बूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।’’
भाषा
अविनाश माधव
माधव

Facebook


