चामराजनगर गोलीबारी घटना : चौथे आरोपी ने अज्ञात स्थान से वीडियो जारी किया

Ads

चामराजनगर गोलीबारी घटना : चौथे आरोपी ने अज्ञात स्थान से वीडियो जारी किया

  •  
  • Publish Date - August 19, 2026 / 10:12 AM IST,
    Updated On - August 19, 2026 / 10:12 AM IST

चामराजनगर (कर्नाटक), 19 अगस्त (भाषा) कर्नाटक के वन विभाग के कर्मचारियों के साथ हुई गोलीबारी के दौरान मौके से भाग निकले व्यक्ति ने एक अज्ञात स्थान से वीडियो संदेश जारी किया है। इस गोलीबारी में तीन कथित शिकारियों की मौत हो गयी थी जबकि चौथा व्यक्ति भाग गया था।

सोशल मीडिया मंचों पर व्यापक रूप से प्रसारित हो रहे इस कथित वीडियो में मामले के चौथे आरोपी बताए जा रहे महिमादास ने दावा किया कि गोलीबारी सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुई थी।

उसके अनुसार, वन विभाग के कर्मचारियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद वह डर के कारण मौके से भाग गया।

उसने दावा किया कि उसकी तबीयत खराब थी, इसलिए वह घर चला गया और बाद में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती हो गया।

मंगलवार को जारी किए गए वीडियो में उसने कहा, ‘‘मेरी तबीयत बहुत खराब थी और मैं घबराहट में इधर-उधर भाग रहा था। किसी तरह धीरे-धीरे मैं वापस घर पहुंचा और फिर अस्पताल आया।’’

महिमादास ने दावा किया कि वन विभाग के कर्मचारी उसकी तलाश कर रहे थे और उसे गोलीबारी की घटना का गवाह बनाने की कोशिश कर रहे थे, जिससे वह चिंतित था।

उसने इस संबंध में पुलिस से उसे उचित सुरक्षा मुहैया कराने की भी अपील की।

वन विभाग की ओर से इस पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

यह घटना 15 अगस्त की सुबह कावेरी वन्यजीव अभयारण्य के अंतर्गत आने वाली शाग्या रेंज के घने जंगल वाले इलाके में हुई थी। वन विभाग के कर्मचारी शिकार की गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद वहां पहुंचे थे, जहां कथित रूप से संदिग्ध शिकारियों और उनके बीच गोलीबारी हुई थी। इस घटना में तीन संदिग्ध शिकारियों की मौत हो गई थी।

भाषा गोला शोभना

शोभना