पुणे में नौ वर्षीय बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या, पड़ोसी गिरफ्तार

Ads

पुणे में नौ वर्षीय बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या, पड़ोसी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 19, 2026 / 12:36 PM IST,
    Updated On - August 19, 2026 / 12:36 PM IST

पुणे, 19 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के पुणे जिले में एक व्यक्ति ने अपने पड़ोस में रहने वाली नौ वर्षीय बच्ची से कथित तौर पर दुष्कर्म किया और उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि घटना मंगलवार दोपहर जुन्नार तहसील के पिंपलवाड़ी गांव में हुई और 25 वर्षीय आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।

पुणे (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि आरोपी और बच्ची एक-दूसरे को जानते थे।

उन्होंने कहा, ‘‘ आरोपी और बच्ची एक ही इलाके में रहते थे और एक ही समुदाय से थे।’’

गिल ने बताया कि दोपहर में बच्ची जब घर में टीवी देख रही थी, तभी आरोपी उसके घर आया और अमरूद देने के बहाने उसे अपने साथ ले गया। वह बच्ची को पास के एक खेत में ले गया, जहां कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में उसकी हत्या कर दी।

शाम को बच्ची के नहीं मिलने पर परिजनों ने उसकी तलाश की और बाद में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।

अधिकारी ने बताया, ‘‘ जांच के दौरान इलाके के सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल में बच्ची आरोपी के साथ दिखाई दी। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने अपराध कबूल किया और पुलिस को गन्ने का खेत दिखाया जहां उसने वारदात को अंजाम दिया था।’’

बाद में बच्ची का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

गिल ने बताया, ”मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।”

भाषा सिम्मी शोभना

शोभना