चंडीगढ़, दो अगस्त (भाषा) चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान गंगा में डूबने से जान गंवाने वाले चार नाबालिग तीर्थयात्रियों के परिवारों के लिए पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता की रविवार को घोषणा की।
कटारिया ने रविवार शाम शोक-संतप्त परिवारों से मिलकर संवेदनाएं व्यक्त कीं और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
शुक्रवार को हरिद्वार में जटवाड़ा पुल के पास गंगा में डूबने से चंडीगढ़ के चार नाबालिग कांवड़ यात्रियों की मौत हो गई थी। चारों नाबालिग कांवड़ यात्रा के लिए हरिद्वार गए समूह में शामिल थे।
इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कटारिया ने कहा कि चार युवाओं की जान जाने से न केवल उनके परिवारों बल्कि पूरे शहर को गहरा दुख पहुंचा है।
उन्होंने बताया कि जान गंवाने वाले लड़के आर्थिक रूप से कमज़ोर परिवारों से थे और उनमें से कुछ बहुत ही मुश्किल आर्थिक हालात में रह रहे थे।
राज्यपाल के विवेकाधीन कोष से राहत की घोषणा करते हुए, केंद्रशासित प्रशासक ने कहा कि प्रभावित चारों परिवारों में से प्रत्येक को आर्थिक सहायता के तौर पर पांच लाख रुपये मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि कोई भी आर्थिक सहायता लड़कों की मौत से हुए नुकसान की भरपाई नहीं कर सकती, लेकिन यह सहायता शोक संतप्त परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाने की नेकनीयती से दी जा रही है।
भाषा
राजकुमार जोहेब
जोहेब