हैदराबाद, दो अगस्त (भाषा) तेलंगाना के हैदराबाद में रविवार को तेज रफ्तार एक कार ने एक स्कूटर को टक्कर मार दी, जिससे 65 वर्षीय एक बुजुर्ग की मौत हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि कार कथित तौर पर एक नाबालिग चला रहा था।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा कर्मिका नगर इलाके में उस समय हुआ, जब दोनों व्यक्ति स्कूटर से गिरजाघर की ओर जा रहे थे।
घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज में एक कार को विपरीत दिशा से आ रहे स्कूटर को टक्कर मारते हुए देखा जा सकता है।
पुलिस ने बताया कि स्कूटर पर दो लोग सवार थे।
सीसीटीवी फुटेज में स्कूटर पर पीछे बैठे बुजुर्ग को कार के पहियों के नीचे आते देखा जा सकता है।
आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया।
पुलिस ने बताया कि गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
वहीं, स्कूटर चला रहे उनके रिश्तेदार को चोटें आई हैं।
इस दुर्घटना में सड़क किनारे खड़े सात अन्य दोपहिया वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि कार कथित तौर पर 17 वर्षीय एक नाबालिग चला रहा था और वह बारहवीं कक्षा का छात्र है।
उन्होंने बताया कि उसके साथ कार में उसका एक अन्य नाबालिग मित्र भी सवार था।
पुलिस ने नाबालिग चालक को पकड़ लिया है।
भाषा शुभम जितेंद्र
जितेंद्र