उत्तराखंड में खराब मौसम के कारण चारधाम यात्रा दो दिन के लिए स्थगित

Ads

उत्तराखंड में खराब मौसम के कारण चारधाम यात्रा दो दिन के लिए स्थगित

  •  
  • Publish Date - September 26, 2026 / 03:17 PM IST,
    Updated On - September 26, 2026 / 03:17 PM IST

देहरादून, 26 सितंबर (भाषा) उत्तराखंड के अधिकतर जिलों में भारी बारिश के पूर्वानुमान के चलते चारधाम यात्रा दो दिन के लिए स्थगित कर दी गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी ।

इस संबंध में गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने सभी जिलाधिकारियों को उचित कदम उठाने का निर्देश दिया है।

मंडलायुक्त ने कहा है कि मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, बारिश का ‘रेड अलर्ट’ होने के कारण देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चारधाम यात्रा शनिवार दोपहर से रविवार तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

आयुक्त ने सभी जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में आवश्यक कदम उठाने और मौसम सामान्य होने के बाद यात्रा पुन: शुरू करने को कहा है।

मौसम विभाग ने उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में 26 और 27 सितंबर को बारिश का ‘रेड’ और ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है।

शनिवार को राज्य के पांच जिलों-बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में भारी बारिश का रेड अलर्ट, पांच अन्य जिलों-देहरादून, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा में ऑरेंज अलर्ट तथा शेष तीन जिलों-हरिद्वार, उत्तरकाशी और टिहरी के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

इसी तरह, रविवार को चार जिलों-देहरादून, टिहरी, पौड़ी, और हरिद्वार में रेड अलर्ट, चार अन्य जिलों-उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल और रुद्रप्रयाग में ऑरेंज अलर्ट तथा शेष पांच जिलों-बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

भाषा दीप्ति रंजन नेत्रपाल

नेत्रपाल