उन्नति क्वार्टर फाइनल में, आयुष और लक्ष्य बाहर

Ads

उन्नति क्वार्टर फाइनल में, आयुष और लक्ष्य बाहर

  •  
  • Publish Date - September 26, 2026 / 05:38 PM IST,
    Updated On - September 26, 2026 / 05:38 PM IST

नागोया, 26 सितंबर (भाषा) युवा शटलर उन्नति हुड्डा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो बेहतरीन जीत दर्ज कीं और महिला एकल के क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई जबकि लक्ष्य सेन और आयुष शेट्टी शनिवार को यहां एशियाई खेलों से बाहर हो गए।

महिला एकल में बीडब्ल्यूएफ सुपर 100 के तीन खिताब जीत चुकीं उन्नति ने मलेशिया की लिंग चिंग वोंग को 21-14, 20-22, 21-19 से हराकर तीसरे दौर में प्रवेश किया।

इसके बाद हरियाणा की 19 वर्षीय खिलाड़ी ने दुनिया की छठे नंबर की इंडोनेशियाई खिलाड़ी पुत्री कुसुमा वारदानी पर 21-19, 21-13 की शानदार जीत दर्ज की और जापान की अकाने यामागुची के खिलाफ क्वार्टरफाइनल मुकाबला तय किया।

पिछले महीने नयी दिल्ली में अपना पहला विश्व चैंपियनशिप कांस्य पदक जीतने वाली त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की महिला युगल जोड़ी ने जापान की मायु मात्सुमोतो और युकी फुकुशिमा की दुनिया की तीसरे नंबर की जोड़ी पर एक सप्ताह में 24-22, 21-18 से लगातार दूसरी जीत दर्ज कर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया।

भारतीय जोड़ी ने कुछ दिन पहले जापान के खिलाफ महिला टीम क्वार्टरफाइनल में इन्हीं प्रतिद्वंद्वियों को हराया था। अब उनका सामना मलेशिया की टैन पर्ली और थिनाह मुरलीधरन से होगा।

कुछ महीने पहले जापान में अपना पहला सुपर 750 खिताब जीतने वाली दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने भी महिला एकल के दूसरे दौर में चीनी ताइपे की चिउ पिन-चियान (विश्व नंबर 17) को 21-19, 21-14 से हराया।

सिंधू को शुरुआती दौर में बाई मिली थी और उनका सामना दिन में बाद में जापान की टोमोका मियाजाकी से होगा।

बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने वाले आयुष ने दूसरे दौर में कजाकिस्तान के मखसुत ताजिबुल्लायेव को 21-7, 21-7 से आसानी से हराया लेकिन पुरुष एकल के प्री-क्वार्टरफाइनल में उनका शानदार संघर्ष चीनी ताइपे के 36 वर्षीय चोउ तिएन चेन से 16-21, 21-19, 17-21 की हार के साथ समाप्त हो गया।

इससे पहले लक्ष्य को सिंगापुर के पूर्व विश्व चैंपियन लोह कीन यू से तीन गेम में हार का सामना करना पड़ा।

दुनिया के 14वें नंबर के खिलाड़ी सेन को 13वीं रैंकिंग वाले 2021 के विश्व चैम्पियन ने 21-12, 15-21, 21-14 से मात दी ।

इचिनोमोया सिटी म्युनिसिपल जिम्नेशियम में खेला गया यह मुकाबला एक घंटे से अधिक समय तक चला ।

इससे एक दिन पहले दुनिया की पूर्व नंबर एक जोड़ी सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी पुरूष युगल के पहले दौर में ही हार गए थे।

सेन ने 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता था और पेरिस ओलंपिक में चौथे स्थान पर रहे लेकिन एशियाई खेलों में एक बार फिर व्यक्तिगत पदक नहीं जीत पाये ।

उन्होंने हांगझोउ में टीम स्पर्धा का रजत और यहां कांस्य पदक जीता ।

सिंधू को लय हासिल करने में समय लगा क्योंकि चियु ने खेल पर नियंत्रण बनाए रखा और 6-2 से आगे बढ़ते हुए इंटरवल तक 11-10 की बढ़त हासिल कर ली।

भारतीय खिलाड़ी ने लय हासिल करने बाद 19-16 की बढ़त बना ली। चियु के बैकहैंड शॉट में गलती के कारण सिंधू को तीन गेम प्वाइंट मिले। चियु ने दो प्वाइंट बचाए, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने एक जोरदार क्रॉस कोर्ट पुश शॉट से पहला गेम अपने नाम कर दिया।

दूसरे गेम में सिंधू का दबदबा कायम रहा। उन्होंने शुरुआत में ही 8-4 की बढ़त बना ली और इंटरवल तक 11-8 से आगे रहीं। भारतीय खिलाड़ी ने इसके बाद छह मैच प्वाइंट हासिल किए और आसानी से अगले दौर में प्रवेश किया।

इससे पहले सेन ने मजबूत शुरूआत करके पहले गेम में 5-1 की बढत बना ली लेकिन लोह ने लगातार दस अंक बनाकर उन्हें दबाव में ला दिया ।

दूसरे गेम में सेन ने अच्छी वापसी की और आक्रामक खेल से यह गेम जीतकर मुकाबले को निर्णायक तीसरे गेम तक खिंचा । तीसरे गेम में हालांकि लोह ने 11-6 की बढत बना ली । सेन ने वापसी करते हुए अंतर 13-14 कर दिया लेकिन सिंगापुर के दिग्गज खिलाड़ी ने 16-14 से बढत बनाई और तीन अंक लेकर स्कोर 19-14 कर दिया । इसके बाद दो अंक बनाकर मैच जीता और प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द