दलित युवक की कथित तौर पर हिरासत में हुयी मौत मामले में पुलिसकर्मियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल

Ads

दलित युवक की कथित तौर पर हिरासत में हुयी मौत मामले में पुलिसकर्मियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल

  •  
  • Publish Date - June 19, 2026 / 01:35 PM IST,
    Updated On - June 19, 2026 / 01:35 PM IST

चेन्नई, 19 जून (भाषा) तमिलनाडु के शिवगंगा जिले में 26 वर्षीय दलित युवक आकाश डेलिसन की कथित हिरासत में हुई मौत के मामले में अपराध शाखा-अपराध अन्वेषण विभाग (सीबी-सीआईडी) ने छह पुलिस अधिकारियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

आरोपपत्र में जिन पुलिसकर्मियों के नाम शामिल हैं, उनमें पुलिस निरीक्षक दिलीपन, उपनिरीक्षक गुगन, प्रधान आरक्षक पलानी (मधागुपट्टी पुलिस थाना) और देवेन्द्रन (शिवगंगई टाउन पुलिस थाना), तथा ग्रेड-1 कांस्टेबल कलीश्वरन (मानामदुरै पुलिस थाना) और महेंद्रन (तिरुप्पुवनम पुलिस थाना) हैं।

यह मामला मनामदुरै के कृष्णराजापुरम निवासी आकाश डेलिसन की मौत से जुड़ा है। डेलिसन को पांच मार्च को हत्या के प्रयास के एक मामले में हिरासत में लिया गया था। बाद में गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान आठ मार्च को मदुरै के सरकारी राजाजी अस्पताल में उनकी मृत्यु हो गई।

पुलिस ने दावा किया था कि भागने के प्रयास के दौरान उसके पैर की हड्डी टूट गई थी लेकिन आकाश ने न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने कथित तौर पर बयान दर्ज कराया था कि पुलिसकर्मियों ने उसे बेरहमी से पीटा और उसका पैर तोड़ दिया।

युवक की मौत के बाद भारी आक्रोश फैल गया और उसके परिवार ने लंबे समय तक विरोध प्रदर्शन किया, जिन्होंने दोषी कर्मियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए 100 दिनों से अधिक समय तक उसका शव लेने से इनकार कर दिया।

यह गतिरोध हाल ही में मद्रास उच्च न्यायालय की मदुरै पीठ के हस्तक्षेप के बाद समाप्त हुआ, जिसके बाद भारी पुलिस सुरक्षा के बीच राज्य द्वारा अंतिम संस्कार किया गया।

व्यापक हंगामे के बाद, जांच सीबी-सीआईडी ​​को स्थानांतरित कर दी गई, जिसने शामिल अधिकारियों को निलंबित कर दिया और अब औपचारिक रूप से आरोप पत्र दायर किया है।

भाषा तान्या रंजन

रंजन