कुनो नेशनल पार्क में चीता ने पांच शावकों को जन्म दिया, देश में चीतों की संख्या 53 हुई: भूपेंद्र यादव

Ads

कुनो नेशनल पार्क में चीता ने पांच शावकों को जन्म दिया, देश में चीतों की संख्या 53 हुई: भूपेंद्र यादव

  •  
  • Publish Date - March 9, 2026 / 02:37 PM IST,
    Updated On - March 9, 2026 / 02:37 PM IST

नयी दिल्ली, नौ मई (भाषा) मध्यप्रदेश के कुनो नेशनल पार्क में नामीबियाई चीता ‘ज्वाला’ ने सोमवार को पांच शावकों को जन्म दिया, जिससे देश में चीतों की कुल आबादी 53 हो गई है। यह जानकारी केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने दी।

कुछ दिन पहले ही चीता ‘गामिनी’ ने इसी पार्क में चार बच्चों को जन्म दिया था।

यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘यह प्रोजेक्ट चीता के लिए गौरव का क्षण है क्योंकि नामीबियाई चीता ‘ज्वाला’ तीसरी बार मां बनी। उसने आज कुनो नेशनल पार्क में पांच शावकों को जन्म दिया। इसके साथ, भारत में जन्मे शावकों की संख्या 33 हो गई है। यह भारत की चीता संरक्षण यात्रा में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।’’

पर्यावरण मंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि पशु चिकित्सकों, क्षेत्रीय कर्मियों और इसमें शामिल सभी लोगों की समर्पित कोशिशों, हुनर ​​और प्रतिबद्धता को दिखाती है।

उन्होंने कहा, ‘‘इन शावकों के आने के साथ, भारत में चीतों की कुल आबादी अब 53 हो गई है। वन्यजीव संरक्षण के लिए यह एक ऐतिहासिक और दिल को छू लेने वाला पल है।’’

यादव ने कहा, ‘‘ज्वाला और उसके शावक मजबूत बनें तथा आगे बढ़ें, भारत में चीतों की कहानी को और भी ऊंचाइयों तक ले जाएं।’’

भाषा वैभव नेत्रपाल

नेत्रपाल