छत्तीसगढ़ : दुर्ग में पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म, आरोपी व्यक्ति गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ : दुर्ग में पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म, आरोपी व्यक्ति गिरफ्तार
दुर्ग, 11 अप्रैल (भाषा) छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के उतई थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने धनेश्वर साहू (35) को गिरफ्तार कर लिया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि शुकवार दोपहर लगभग 12 बजे जब पीड़िता स्कूल से घर पहुंची तब वह पास की एक दुकान में चॉकलेट लेने चली गई। इस दौरान मोहल्ले में रहने वाला आरोपी धनेश्वर वहां मौजूद था। बच्ची को चॉकलेट देने के बहाने से आरोपी उसे अपने घर ले गया और वहां उससे दुष्कर्म किया।
अधिकारियों ने बताया कि जब बच्ची काफी देर तक घर नहीं पहुंची तब परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। लगभग दो घंटे के बाद ग्रामीणों को कुंए के करीब एक संदिग्ध बोरा हिलते हुए दिखा। जब ग्रामीणों ने बोरा खोला तब उसमें बच्ची थी और उसका मुंह तकिए के खोल से बंधा हुआ था।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा और घायल बालिका को अस्पताल पहुंचाया।
अधिकारियों ने बताया कि चिकित्सा जांच में बालिका से दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। बच्ची डरी हुई है तथा घायल है, अस्पताल में उसका इलाज किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में थाने के करीब पहुंच गए और उन्होंने आरोपी को फांसी देने की मांग की। ग्रामीणों को समझा कर वापस भेजा गया है।
पुलिस ने कहा कि वह अनुरोध करेगी कि मामले की सुनवाई त्वरित अदालत में हो जिससे पीड़िता को जल्द न्याय मिल सके।
भाषा
सं, संजीव रवि कांत

Facebook


