आईपीएस अधिकारी की मां की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नहीं पता चला मौत का कारण, विसरा सुरक्षित
आईपीएस अधिकारी की मां की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नहीं पता चला मौत का कारण, विसरा सुरक्षित
अंबेडकर नगर (उप्र), 19 अगस्त (भाषा) अंबेडकर नगर में आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की 95 वर्षीय मां की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में उनकी मौत का कारण पता नहीं चला है और विसरा सुरक्षित रखकर उसे जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने बुधवार को कहा कि मामले की जांच ‘निष्पक्ष और पारदर्शिता’ से की जा रही है।
उन्होंने कहा कि शव की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण पता नहीं चला है और विसरा सुरक्षित रखकर उसे जांच के लिए भेज दिया गया है।
सिंह ने कहा कि मामले की जांच के लिए कई पुलिस दल बनाये गये हैं तथा पूछताछ और बयानों की वीडियो रिकॉर्डिंग की जा रही है।
लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय में तैनात आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां इंद्रावती 16 अगस्त को मालीपुर थानाक्षेत्र के रुधा धमरुआ गांव में अपने घर के अंदर संदिग्ध हालात में मृत पायी गयी थीं। यह भी दावा किया गया था कि घर के अंदर रखे कुछ जेवरात गायब हैं।
मिश्रा ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या और लूट की शिकायत दर्ज करायी थी।
मिश्रा तब से अपने गांव में ही हैं और उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है।
उन्होंने उन खबरों पर नाराजगी जताई है कि कुछ गायब जेवरात मिल गये हैं।
मिश्रा ने कहा, ‘‘अगर सामान मिल गया है, तो वह कहां है? किसने इसकी पुष्टि की है?’’
उन्होंने पुलिस से यह सुनिश्चित करने को कहा कि बिना पुष्टि किये जानकारी न फैलाई जाए।
मिश्रा ने यह भी अपील की कि किसी भी बेगुनाह को फंसाया न जाए, भले ही जांच में एक या दो महीने लग जाएं।
आईपीएस अधिकारी की मां की हत्या को लेकर समाजवादी पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाये थे।
भाषा सलीम राजकुमार
राजकुमार

Facebook


