बेंजामिन नेतन्याहू बने बृजमोहन नेतराम साहू, सोशल मीडिया ने दिया छत्तीसगढ़ी नाम

Ads

बेंजामिन नेतन्याहू बने बृजमोहन नेतराम साहू, सोशल मीडिया ने दिया छत्तीसगढ़ी नाम

  •  
  • Publish Date - January 18, 2018 / 07:04 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:16 PM IST

रायपुर। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू 6 दिन के भारत दौरे पर हैं और न सिर्फ भारत बल्कि इजरायली मीडिया में भी उनकी यात्रा सुर्खियों में है। जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रोटोकॉल तोड़कर खुद हवाईअड्डे पर बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा की अगवानी की, उनसे गले मिले और दोनों नेताओं के बीच जबर्दस्त दोस्ताना दिखा, उसकी चर्चा सोशल मीडिया पर भी जमकर हो रही है। सोमवार को दिल्ली में भारत और इजरायल के बीच रक्षा, कृषि, अंतरिक्ष समेत 9 अहम समझौते हुए थे। बुधवार को बेंजामिन नेतन्याहू और नरेंद्र मोदी गुजरात के एक दिन के दौरे पर थे, जहां अहमदाबाद एयरपोर्ट से लेकर महात्मा गांधी के ऐतिहासिक साबरमती आश्रम तक रोड शो हुआ था।

 

साबरमती आश्रम में नेतन्याहू ने चरखा चलाया और पतंग उड़ाई, जिसके वीडियो, तस्वीरें और ख़बरें भी छाई रहीं। आज नेतन्याहू दंपति मुंबई में हैं और आपको बता दें कि वे बॉलीवुड फिल्मों के बड़े प्रशंसक हैं, इसीलिए आज ही बॉलीवुड हस्तियों के साथ उनका डिनर का कार्यक्रम भी विशेष रूप से रखा गया है। ये तो रहीं नेतन्याहू के भारत दौरे में अबतक के उनके कार्यक्रमों की एक छोटी सी झलक, लेकिन हम आपको बताने जा रहे हैं कि चर्चा में चल रहे नेतन्याहू को छत्तीसगढ़ के सोशल मीडिया यूजर्स ने कैसे कर दिया है नया नामकरण? जी हां, बेंजामिन नेतन्याहू को छत्तीसगढ़ के कुछ लोगों ने दिया है नया नाम और ये नया नाम क्या है, आप खुद देख लीजिए…

ब्रजमोहन नेतराम साहू…अगर आप इस नाम को तेज़ी के साथ बोलें तो इसकी ध्वनि काफी कुछ बेंजामिन नेतन्याहू जैसी ही सुनाई देगी। वैसे बृजमोहन अग्रवाल छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री हैं और डॉ. रमन सिंह सरकार में दूसरे नंबर के मंत्री माने जाते हैं। नेतराम छत्तीसगढ़ में एक आम नाम है और आप यहां चैतराम, तेज़राम जैसे नाम हर जगह सुन सकते हैं। साहू एक समुदाय है, जिसकी आबादी छत्तीसगढ़ में काफी ज्यादा है और दुर्ग के सांसद भी साहू ही हैं ताम्रध्वज साहू। इस तरह सोशल मीडिया यूजर्स ने छत्तीसगढ़ में प्रचलित तमाम नामों को मिलाकर पूरी क्रिएटिविटी दिखाते हुए इजरायली प्रधानमंत्री को दिया है ये अनोखा नाम- ब्रजमोहन नेतराम साहू। अब ये तो आप जानते ही हैं कि आज के दौर में सोशल मीडिया पर एक जगह कोई दिलचस्प पोस्ट दिख जाए तो उसके फैलते देर नहीं लगती तो दूसरे इलाकों के यूजर्स भी इस नाम का इस्तेमाल करने में पीछे नहीं है, देखिए एक और बानगी…

 

है न दिलचस्प? ट्विटर और फेसबुक पर सिर्फ बेंजामिन नेतन्याहू ही नहीं, बल्कि तमाम नेताओं के तरह-तरह के नए नाम यूजर्स इस्तेमाल में लाते रहे हैं, कभी तारीफ के लिए तो कभी ट्रोल के लिए, लेकिन ये नाम जो आया है, वो विशुद्ध छत्तीसगढ़ी फ्लेवर में है।

वेब डेस्क, IBC24