कोलकाता, दो मार्च (भाषा) मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में निर्वाचन आयोग का एक दल 9 मार्च से पश्चिम बंगाल का दो दिवसीय दौरा करेगा। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत आयोग द्वारा 10 मार्च को एक बैठक निर्धारित की गई है।
अधिकारी ने संकेत दिया कि यदि स्थिति में कोई बदलाव नहीं होता है, तो चुनाव कार्यक्रम की घोषणा इस महीने के अंत में होने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) के नेतृत्व में निर्वाचन आयोग के एक दल के 9 मार्च को कोलकाता पहुंचने की उम्मीद है तथा अगले दिन वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनाव तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।
अधिकारी ने कहा, ‘‘जमीनी हालात के आकलन के आधार पर, चुनाव कार्यक्रम की घोषणा इसी महीने की जा सकती है।’’
इस बीच, आयोग ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ अपनी बैठक का समय बदल दिया है।
अधिकारी ने बताया कि यह बैठक, जो पहले सोमवार शाम 6 बजे होनी थी, अब 5 मार्च को सुबह 10:30 बजे होगी।
उन्होंने बताया कि प्रवर्तन निदेशालय, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो, आयकर विभाग, राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण, स्वापक नियंत्रण ब्यूरो और केंद्रीय सशस्त्र बलों जैसी एजेंसियों के बैठक में शामिल होने की उम्मीद है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘राज्य में जारी गतिविधियों को देखते हुए बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए बैठक को टाल दिया गया।’’
सोमवार को आयोग ने जिलाधिकारियों के साथ एक वर्चुअल बैठक भी की और उन्हें 9 मार्च को निर्वाचन आयुक्तों के संभावित दौरे के बारे में सूचित किया।
इससे पहले, उप निर्वाचन आयुक्त सहित लगभग आठ अधिकारियों की एक टीम रविवार को राज्य का दौरा करने वाली थी।
हालांकि, राज्य सरकार के अनुरोध के बाद इसे स्थगित कर दिया गया।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) मनोज अग्रवाल ने कहा था कि ईडन गार्डन में भारत और वेस्टइंडीज के बीच क्रिकेट मैच, सीबीएसई और आईसीएसई परीक्षाएं और 3 मार्च को होने वाला डोल उत्सव, इन सभी कारणों से यात्रा को पुनर्निर्धारित करना आवश्यक हो गया।
भाषा सुभाष माधव
माधव