इस्लामाबाद, दो मार्च (एपी) अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत को लेकर हुए हिंसक प्रदर्शनों में कई लोगों की जान जाने और दर्जनों लोगों के घायल होने के बाद, पाकिस्तान ने सोमवार तड़के गिलगित और स्कार्दू में सेना तैनात कर तीन दिन के लिए कर्फ्यू लगा दिया।
रविवार को हजारों शिया प्रदर्शनकारियों ने स्कार्दू शहर में संयुक्त राष्ट्र सैन्य पर्यवेक्षक समूह और संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम के कार्यालयों पर हमला किया।
अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने गिलगित में एक पुलिस थाने में आगजनी की और एक स्कूल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
गिलगित-बाल्टिस्तान क्षेत्र की पुलिस ने बताया कि इस घटना में कम से कम 12 लोग मारे गए और 80 अन्य घायल हो गए।
इस बीच, गिलगित-बाल्टिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाबिर मीर ने सोमवार को कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और कर्फ्यू बुधवार तक लागू रहेगा।
पुलिस प्रमुख अकबर नासिर खान ने ‘‘बिगड़ती कानून व्यवस्था’’ का हवाला देते हुए निवासियों से घरों के अंदर रहने का आग्रह किया।
एपी शफीक सुभाष
सुभाष