मुख्यमंत्री गहलोत ‘झूठे वादे’ और घोषणाएं करने में ‘अव्वल’ : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पूनिया

मुख्यमंत्री गहलोत ‘झूठे वादे’ और घोषणाएं करने में ‘अव्वल’ : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पूनिया

मुख्यमंत्री गहलोत ‘झूठे वादे’ और घोषणाएं करने में ‘अव्वल’ : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पूनिया
Modified Date: November 29, 2022 / 08:06 pm IST
Published Date: January 4, 2022 8:15 pm IST

जयपुर, चार जनवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष सतीश पूनिया ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आरोपों पर मंगलवार को पलटवार करते हुए कहा कि गहलोत ‘झूठे वादे’ और घोषणाएं करने में ‘अव्वल’ हैं।

गहलोत ने सोमवार को केन्द्र सरकार पर राज्यों को कमजोर करने और एजेंसियों का दुरूपयोग कर लोगों को धमकाने का आरोप लगाया था। पूनिया ने एक बयान में आरोप लगाया, ‘‘गहलोत स्वयं झूठे वादे और घोषणाएं करने में अव्वल हैं, क्योंकि 2018 में किसानों से पूरा कर्जा माफ करने का जो वादा किया था, वो आज तीन साल बाद भी अधूरा है।’’

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, ‘‘घोषित भर्तियां तय समय पर पूरी नहीं होने से बेरोजगार युवा जयपुर से लेकर कांग्रेस के लखनऊ कार्यालय तक धरना प्रदर्शन करने को मजबूर हैं। राज्य में बेरोजगारी दर भी शीर्ष पर है जो 27.1 प्रतिशत है।’’

पूनिया ने गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘मुख्यमंत्री अपनी सरकार की विफलताएं छुपाने व वादाखिलाफी से ध्यान भटकाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह व अन्य केन्द्रीय मंत्रियों पर तथ्यहीन व झूठे आरोप लगाते रहते हैं। हकीकत यह है कि कांग्रेस के विधायक व मंत्री भी राज्य सरकार की कार्यशैली से नाखुश हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘राज्य के मंत्री महेन्द्रजीत सिंह मालवीय अपनी ही सरकार पर खरीद फरोख्त का आरोप लगा चुके हैं, जिसमें उन्होने विधायकों पर राज्यसभा चुनाव व सरकार के सियासी संकट के समय 10-10 करोड़ रूपये लेने की बात कही थी। लोकतंत्र की दुहाई देने वाले मुख्यमंत्री ने सत्ता का दुरूपयोग कर अपने ही विधायकों पर मामले दर्ज करवाए और प्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रमुख व उपमुख्यमंत्री को हटाया था।’’

पूनिया ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक भरत सिंह कुंदनपुर, दीपेन्द्र सिंह शेखावत, मंत्री हेमाराम चौधरी भी कांग्रेस सरकार की कार्यशैली पर भ्रष्टाचार व विकास कार्य नहीं होने के आरोप लगा चुके हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है, बीकानेर में दिनदहाड़े गोलीबारी, जयपुर व बूंदी में नाबालिग बच्चियों से दुष्कर्म की घटनाएं, दौसा में महिला से सामूहिक दुष्कर्म, पिछले तीन साल में 6.50 लाख से अधिक मुकदमे दर्ज होना कानून-व्यवस्था के ध्वस्त होने और अपराधियों के हौसले बुलंद होने के स्पष्ट प्रमाण हैं।’’

भाषा कुंज कुंज बिहारी आशीष

आशीष


लेखक के बारे में