मुख्यमंत्री, उपराज्यपाल और राजनीतिक दलों ने जम्मू-कश्मीर की रणजी टीम को जीत पर बधाई दी

मुख्यमंत्री, उपराज्यपाल और राजनीतिक दलों ने जम्मू-कश्मीर की रणजी टीम को जीत पर बधाई दी

मुख्यमंत्री, उपराज्यपाल और राजनीतिक दलों ने जम्मू-कश्मीर की रणजी टीम को जीत पर बधाई दी
Modified Date: February 28, 2026 / 09:32 pm IST
Published Date: February 28, 2026 9:32 pm IST

जम्मू/श्रीनगर, 28 फरवरी (भाषा) जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक दलों ने केंद्र शासित प्रदेश की टीम को कर्नाटक के हुबली में पहली बार रणजी ट्रॉफी जीतने पर शनिवार को बधाई दी और कहा कि खिलाड़ियों ने ऐतिहासिक जीत दर्ज कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

पारस डोगरा की अगुवाई वाली टीम ने भारतीय घरेलू क्रिकेट में असाधारण जुझारूपन का परिचय देते हुए आठ बार की चैंपियन कर्नाटक के खिलाफ फाइनल ड्रॉ होने के बाद पहली पारी में बढ़त के आधार पर अपना पहला रणजी ट्रॉफी खिताब जीता।

केंद्र शासित प्रदेश में जश्न का माहौल देखने को मिला, लोगों ने पटाखे फोड़ा, ढोलक व ढोल की थाप से सड़कें गूंज उठीं और लोगों ने मिठाइयां बांटी।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने टीम की जीत के तुरंत बाद ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “उन्होंने कर दिखाया। जम्मू-कश्मीर शाबाश!”

अब्दुल्ला टीम का हौसला बढ़ाने के लिए हुबली गए थे।

उनकी पार्टी, नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) ने इस जीत को ऐतिहासिक गौरव बताया। पार्टी ने ‘एक्स’ पर कहा, “रणजी ट्रॉफी में जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम के लिए ऐतिहासिक गौरव! आपने अपने साहस और प्रतिभा से हर जम्मू-कश्मीरी नागरिक को गौरवान्वित किया है।”

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस जीत को “सबसे गौरवशाली क्षण” बताते हुए कहा कि इस जीत ने पूरे केंद्र शासित प्रदेश को गर्व और खुशी से भर दिया है।

उपराज्यपाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “हमारी क्रिकेट टीम को रणजी ट्रॉफी जीतते हुए देखकर मेरी भावनाएं शब्दों से परे उमड़ रही हैं। इतिहास रचने वाले हर जुझारू खिलाड़ी को पूरे केंद्र शासित प्रदेश की ओर से हार्दिक धन्यवाद। आपने इतिहास लिख दिया है, इसे सम्मान के साथ स्वीकार करें।”

इस बीच, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कहा, “कश्मीर और जम्मू दोनों के” खिलाड़ियों ने एकता की शक्ति को दर्शाया है और यह जीत धार्मिक आधार पर लोगों को बांटने की कोशिश करने वाली ताकतों के खिलाफ एक कड़ा संदेश है।”

उन्होंने कहा, “आज का दिन हमारे जम्मू-कश्मीर के लिए वास्तव में बहुत ही बड़ा दिन है। मेरी राय में, यह उन ताकतों के मुंह पर एक करारा तमाचा है, जो हिंदू और मुसलमानों को बांटने व उनके बीच संघर्ष पैदा करने की कोशिश करती हैं।”

मुफ्ती ने रियासी जिले के कटरा कस्बे में एक पार्टी कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से यह बात कही।

उन्होंने कहा, “उन्होंने (क्रिकेट टीम ने) दिखाया है कि जब हम साथ मिलकर आगे बढ़ते हैं, जब हिंदू व मुसलमान एकजुट होते हैं, तो हम न केवल जम्मू-कश्मीर के लिए बल्कि पूरे देश के लिए महान उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।”

कांग्रेस के महासचिव और कांग्रेस विधायक दल के नेता गुलाम अहमद मीर ने भी पार्टी की ओर से टीम को बधाई दी।

उन्होंने खिलाड़ियों और टीम प्रबंधन को धन्यवाद देते हुए कहा कि टीम ने अपनी सफलता को सुनहरे अक्षरों में लिख दिया है।

मीर ने कहा, “उन्होंने हमें गौरवान्वित किया है और अपनी शानदार जीत से हमें सम्मानित किया है।”

भाजपा की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष और सांसद सत शर्मा ने भी बधाई देते हुए कहा, “उन्होंने (टीम ने) न केवल इतनी बड़ी जीत से हमें गौरवान्वित किया है, बल्कि देश में क्रिकेट के लिए नए रास्ते भी खोल दिए हैं।”

केंद्र शासित प्रदेश के मंत्रिमंडल मंत्रियों ने भी टीम को बधाई दी।

भाषा जितेंद्र दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में