मुख्यमंत्री शुभेंदु ने कोलकाता पुलिस मुख्यालय का दौरा कर बकरीद से पहले समीक्षा बैठक की
मुख्यमंत्री शुभेंदु ने कोलकाता पुलिस मुख्यालय का दौरा कर बकरीद से पहले समीक्षा बैठक की
कोलकाता, 26 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को पदभार संभालने के बाद पहली बार कोलकाता पुलिस मुख्यालय ‘लालबाज़ार’ का दौरा किया और प्रशासनिक तथा सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। एक वरिष्ठ नौकरशाह ने यह जानकारी दी।
गृह विभाग का प्रभार भी संभाल रहे अधिकारी ने कानून-व्यवस्था के अलावा मुख्यालय में शहर की सुरक्षा, पुलिस आधुनिकीकरण, भर्ती और बुनियादी ढांचे के विकास से जुड़े मामलों की समीक्षा की।
उन्होंने पुलिस आयुक्त अजय नंद सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा बलों की तैनाती की रणनीति और निगरानी उपायों पर चर्चा की।
अधिकारी ने कहा, ‘मुख्यमंत्री ने संवेदनशील इलाकों में तैयारियों की समीक्षा की और त्वरित कार्रवाई तथा जनता में विश्वास पैदा करने वाले उपायों की आवश्यकता पर जोर दिया।’
बैठक के दौरान लालबाज़ार परिसर के भीतर चल रहे जीर्णोद्धार और विकास कार्यों से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री का यह दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि बृहस्पतिवार को ईद-उल-जुहा (बकरीद) मनाई जानी है, जिसके चलते कोलकाता और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने की उम्मीद है।
भाषा सुमित माधव
माधव

Facebook


