गया जी में वियतनाम के राष्ट्रपति का मुख्यमंत्री ने किया स्वागत, दौरे को बताया ऐतिहासिक
गया जी में वियतनाम के राष्ट्रपति का मुख्यमंत्री ने किया स्वागत, दौरे को बताया ऐतिहासिक
गया जी (बिहार), पांच मई (भाषा) वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम ने मंगलवार को बिहार के गया जी से भारत के अपने तीन दिवसीय राजकीय दौरे की शुरुआत की। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गया जी में उनका स्वागत किया।
चौधरी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में कहा, “आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और धरोहर नगरी गया जी वियतनाम के राष्ट्रपति के आगमन का हार्दिक स्वागत करती है। यह ऐतिहासिक आगमन भारत-वियतनाम के पहले से ही मजबूत संबंधों को नयी ऊंचाइयों तक ले जाएगा।”
पिछले महीने राष्ट्रपति पद संभालने के बाद यह लाम की भारत की पहली राजकीय यात्रा है। यह यात्रा दोनों देशों के बीच ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ की 10वीं वर्षगांठ के अवसर पर हो रही है।
एक अधिकारी ने बताया, “वियतनाम के राष्ट्रपति ने यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना की, पवित्र बोधि वृक्ष के नीचे ध्यान लगाया और वियतनामी मठ का भी दौरा किया।”
अधिकारियों ने बताया कि लाम नयी दिल्ली के लिए रवाना हो गए, जहां वह बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ व्यापक वार्ता करेंगे और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे।
बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ.प्रेम कुमार, जो गया शहरी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं, ने कहा कि “ज्ञान की इस भूमि” पर वियतनाम के राष्ट्रपति का आगमन गर्व की बात है।
भाषा कैलाश आशीष
आशीष

Facebook


