ओरछा (मध्यप्रदेश), 31 अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को निवाड़ी जिले के ओरछा स्थित ऐतिहासिक एवं आस्था के प्रमुख केंद्र श्री राम राजा लोक में जारी निर्माण कार्यों का अवलोकन किया और गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में इसे पूर्ण करने के निर्देश दिए।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने आए मुख्यमंत्री ने ओरछा मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।
बाद में संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि श्री महाकाल महालोक के निर्माण के बाद उज्जैन की अर्थव्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है और श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा, ‘इसी तर्ज पर मध्यप्रदेश के प्रमुख तीर्थस्थलों का समग्र विकास किया जाएगा, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।’
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार भगवान श्रीराम के 14 वर्ष के वनवास में 12 वर्ष चित्रकूट में व्यतीत किए जाने का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश की गौरवशाली धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों से जोड़ना और उसे संरक्षित करना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा, ‘इसी क्रम में ओरछा में भव्य श्री राम राजा लोक का निर्माण किया जा रहा है, जो आने वाले समय में देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख तीर्थस्थल बनेगा।’
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओरछा मंदिर का पुराना ढांचा और इसकी इमारतें समृद्ध विरासत हैं और उन्हें जीवंत करने के लिए सरकार काम कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘इनके निर्माण में पहले जिस सामग्री का उपयोग हुआ था उसी का उपयोग करके इसका पुनःनिर्माण किया जाएगा। ताकि इसका मूल स्वरूप बना रहे। इसके लिए हमारे कुशल कारीगर काम कर रहे हैं।’
भाषा ब्रजेन्द्र
वैभव
वैभव