सेनाध्यक्ष ने पुंछ में अग्रिम क्षेत्रों का दौरा किया, अभियानगत तैयारियों की समीक्षा की
सेनाध्यक्ष ने पुंछ में अग्रिम क्षेत्रों का दौरा किया, अभियानगत तैयारियों की समीक्षा की
जम्मू, नौ जुलाई (भाषा) थल सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने बृहस्पतिवार को जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में अग्रिम इलाकों का दौरा किया और क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति, अभियानगत तैयारियों तथा सैनिकों की युद्ध तत्परता की समीक्षा की।
अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किये गए हैं और पदभार संभालने के बाद पुंछ के अग्रिम क्षेत्रों की उनकी यह पहली यात्रा है।
अधिकारियों ने बताया कि सेनाध्यक्ष ने नगरोटा स्थित ‘व्हाइट नाइट कॉर्प्स’ मुख्यालय का दौरा किया, जहां वरिष्ठ कमांडरों ने उन्हें जम्मू क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति और उसकी टुकड़ियों की अभियानगत तैयारियों के बारे में जानकारी दी।
इसके बाद जनरल सेठ ने पुंछ जिले में अग्रिम इलाकों का दौरा किया और सुरक्षा व्यवस्था तथा अभियानगत तैयारियों की समीक्षा की।
सेनाध्यक्ष ने पुंछ ब्रिगेड मुख्यालय में वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों से भी मुलाकात की, जहां उन्हें सैनिकों की तैनाती, मौजूदा सुरक्षा परिदृश्य और अभियानगत तैयारियों के बारे में जानकारी दी गई।
शीर्ष अधिकारियों ने समग्र सुरक्षा स्थिति और उभरती चुनौतियों से प्रभावी तरीके से निपटने के लिए सैनिकों की तैयारियों के बारे में सेनाध्यक्ष को अवगत कराया।
जनरल सेठ मंगलवार से जम्मू-कश्मीर के दौरे पर हैं। इस दौरे पर उन्होंने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात की तथा कश्मीर में सुरक्षा की समग्र स्थिति के बारे में समीक्षा की।
भाषा खारी सुरेश
सुरेश

Facebook


