सीआईएएल ने कोच्चि में उड़ान संबंधी बाधा को लेकर स्पाइसजेट पर भ्रामक जानकारी फैलाने का आरोप लगाया
सीआईएएल ने कोच्चि में उड़ान संबंधी बाधा को लेकर स्पाइसजेट पर भ्रामक जानकारी फैलाने का आरोप लगाया
कोच्चि, 22 अगस्त (भाषा) कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (सीआईएएल) ने शनिवार को कहा कि कोच्चि में मौसम की ऐसी कोई प्रतिकूल स्थिति नहीं थी, जिससे स्पाइसजेट की उड़ान सेवाएं प्रभावित हों। सीआईएएल ने एयरलाइन पर भ्रामक जानकारी फैलाने का आरोप लगाया है।
विमानन कंपनी स्पाइसजेट ने सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में कहा था कि कोच्चि में खराब मौसम के कारण आने-जाने वाली सभी उड़ानों के अलावा अन्य उड़ानें भी प्रभावित हो सकती हैं।
कंपनी ने यात्रियों से अपनी उड़ानों की स्थिति जानने के लिए स्पाइसजेट की आधिकारिक वेबसाइट देखने का अनुरोध किया था।
सीआईएएल ने यात्रियों के लिए जारी एक परामर्श में कहा कि उसने स्पाइसजेट की परिचालन को लेकर जारी समस्याओं पर ध्यान दिया है जिससे इसकी अंतरराष्ट्रीय सेवाओं पर प्रभाव पड़ा है जिनमें कोच्चि से रवाना होने वालीं अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शामिल हैं। इससे यात्रियों को काफी परेशानी तथा अनिश्चितता का सामना करना पड़ रहा है।
सीआईएएल ने कहा, “स्पाइसजेट ने सोशल मीडिया पर यह कहते हुए भ्रामक जानकारी प्रसारित की है कि कोच्चि में खराब मौसम के कारण उड़ानों में व्यवधान हुआ।”
उसने कहा कि इसी अवधि में कोच्चि से उड़ानें संचालित करने वाली किसी अन्य विमानन कंपनी ने मौसम के कारण इस तरह की परेशानी होने की सूचना नहीं दी है।
सीआईएएल ने कहा कि उसने प्रभावित यात्रियों की मदद करने और उन्हें जरूरी सहायता मुहैया कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया है।
भाषा प्रचेता संतोष
संतोष

Facebook


