सीआईएसएफ जवान कथित दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार
सीआईएसएफ जवान कथित दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार
कोलकाता, 17 जून (भाषा) आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के एक जवान को शादी का झांसा देकर एक महिला का कथित तौर पर बार-बार दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
महिला द्वारा दर्ज कराई गई एक लिखित शिकायत के आधार पर नारायणपुर पुलिस ने नौ जून को आरोपी पारुल अहमद को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे एक अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया।
जांचकर्ताओं के अनुसार, महिला की मां का उक्त अस्पताल में इलाज किया जा रहा था। वहां अक्सर आने-जाने के दौरान महिला अहमद के संपर्क में आई थी। बाद में यह जान-पहचान एक रिश्ते में बदल गई।
पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता का आरोप है कि अहमद उसे चिनार पार्क इलाके के एक होटल में ले गया, जहां उसने उसका कथित तौर पर दुष्कर्म किया और उसकी सहमति के बिना आपत्तिजनक वीडियो बना लिए।
महिला का आरोप है कि आरोपी ने वीडियो की मदद से उसे डरा धमकाकर दो अलग-अलग मौकों पर उसका यौन उत्पीड़न किया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि पीड़िता का अभी इलाज जारी है।
भाषा प्रचेता प्रशांत
प्रशांत

Facebook


