कोटा में पुन: मतदान के दौरान भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प, एक घायल
कोटा में पुन: मतदान के दौरान भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प, एक घायल
कोटा, 16 सितंबर (भाषा) राजस्थान के कोटा में बुधवार को नगर निगम के वार्ड संख्या-87 में पुन: मतदान के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई जिसमें कांग्रेस का एक कार्यकर्ता घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, बूथ संख्या-99 पर भाजपा की पुष्पा चौधरी और कांग्रेस की लक्ष्मी शर्मा के बीच सीधा मुकाबला है। मतदान के दौरान दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे चलाए।
पुलिस और मतदान अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए।
कोटा दक्षिण से भाजपा विधायक संदीप शर्मा ने आरोप लगाया कि हार के डर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मतदान केंद्र के आसपास रास्ते रोक दिए और मतदान को रोकने की कोशिश की।
शर्मा ने कहा कि रास्ते रोके जाने के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया, लेकिन उन्होंने संयम बनाए रखा और इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई।
वहीं, महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष शालिनी गौतम ने दावा किया कि पार्टी कार्यकर्ता लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से मतदान की अपील कर रहे थे, तभी विधायक शर्मा सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंच गए।
गौतम ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन किया, लोगों की आवाजाही रोकी और मतदाताओं को डराने तथा मतदान रुकवाने की ‘‘साजिश’’ के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठियों से हमला किया।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के एक कार्यकर्ता को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जबकि एक महिला पदाधिकारी पर डंडे से हमला किया गया।
कांग्रेस की कोटा इकाई की अध्यक्ष राखी गौतम ने कहा कि जिन वार्डों में पुन: मतदान कराया जा रहा है, वह अपने आप में सरकार की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि हिंसा भाजपा की हताशा का नतीजा है।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा की डराने-धमकाने की कोशिशों के बावजूद डटे रहे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हंगामे के दौरान स्थानीय पत्रकारों के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया।
कोटा नगर निगम के वार्ड 87 के अलावा वार्ड 44 के बूथ संख्या 448, वार्ड 11 के बूथ संख्या 576 और सुकेत नगरपालिका के वार्ड-चार के बूथ संख्या-पांच पर भी पुनर्मतदान कराया गया।
राजस्थान के नगर निकाय चुनावों के लिए 14 सितंबर को मतगणना के दौरान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में गड़बड़ी की शिकायत के बाद इन केंद्रों पर पुनर्मतदान का आदेश दिया गया था।
भाषा खारी नरेश
नरेश

Facebook


