तृणमूल और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, विपक्ष के नेता शुभेंदु को जूते दिखाए गए

तृणमूल और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, विपक्ष के नेता शुभेंदु को जूते दिखाए गए

तृणमूल और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, विपक्ष के नेता शुभेंदु को जूते दिखाए गए
Modified Date: February 25, 2026 / 01:14 am IST
Published Date: February 25, 2026 1:14 am IST

कोलकाता, 24 फरवरी (भाषा) कोलकाता में मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय के सामने तृणमूल कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच मंगलवार शाम झड़प हुई। यह झड़प तब हुई जब तृणमूल कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी को जूते दिखाए और ‘वापस जाओ’ के नारे लगाए।

भाजपा ने आरोप लगाया कि जब अधिकारी मध्य कोलकाता के बीबीडी बाग इलाके में सीईओ के कार्यालय से बाहर आ रहे थे तब उन्हें काले झंडे और जूते दिखाए गए, लेकिन साथ आए पुलिसकर्मियों ने उन्हें सुरक्षा प्रदान की और जीपीओ के पास खड़ी कार में बैठने में उनकी मदद की।

आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं ने तृणमूल कार्यकर्ताओं के नारों का जवाब दिया और विपक्षी दल के सदस्यों से झड़प की, लेकिन पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर दिया।

सीईओ के कार्यालय में ‘मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित कुछ सबूत प्रस्तुत करने’ आए अधिकारी ने निडर होकर ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए, उनके साथ आए सैंकड़ों लोग भी नारे लगा रहे थे।

तृणमूल ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘उन्होंने पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के बाहर के इलाके को युद्धक्षेत्र में बदल दिया। भाजपा के झंडे लहराते हुए, इन उग्र गुंडों ने पत्रकारों को भद्दी गालियां दीं, पुलिस बैरिकेड तोड़ दिए, बोतलें फेंकीं और जंगली जानवरों की तरह उत्पात मचायां’’

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि दोनों समूह घटनास्थल से चले गए और अधिकारी के जाने के बाद स्थिति और खराब नहीं हुई।

उन्होंने कहा कि पुलिस को इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि एसआईआर के कारण आम मतदाताओं के उत्पीड़न के विरोध में सीईओ कार्यालय के सामने इकट्ठा हुए तृणमूल कार्यकर्ताओं ने अधिकारी को जूते दिखाए थे।

भाषा शोभना सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में