कानपुर में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प
कानपुर में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प
कानपुर (उप्र), 13 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश में कानपुर जिले के बर्रा इलाके में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं से हुई झड़प में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का एक पदाधिकारी और उनका बेटा घायल हो गए।
अपर पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) अंकिता शर्मा ने बताया कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता गुड्डू यादव, संजीव मिश्रा, विनोद यादव ने कथित तौर पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ टिप्पणी की। भाजपा नेता संजय पासवान और उनके बेटे मयंक ने इस पर आपत्ति जताई तो दोनों पक्षों में झड़प हो गई, जिसके परिणामस्वरूप पासवान और उसके बेटे को चोटें आईं।
उन्होंने बताया कि झड़प की खबर पाकर अनेक भाजपा समर्थक बर्रा थाने पहुंचे। पुलिस ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया।
अपर पुलिस उपायुक्त शर्मा ने बताया कि इस मामले में भाजपा नेता संजय पासवान की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
भाषा
सं, सलीम, रवि कांत सं, सलीम, रवि कांत

Facebook


