कारगिल युद्ध के वीरों को लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने दी श्रद्धांजलि
कारगिल युद्ध के वीरों को लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने दी श्रद्धांजलि
लेह, 26 जुलाई (भाषा) लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने 1999 के कारगिल युद्ध में अपने प्राण न्योछावर करने वाले सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए रविवार को कहा कि उनका अद्वितीय साहस, सर्वोच्च बलिदान और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
सक्सेना ने कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ के अवसर पर द्रास स्थित कारगिल युद्ध स्मारक पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
छब्बीस जुलाई, 1999 को भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन विजय’ की सफलता की घोषणा करते हुए लगभग तीन महीने तक चली लड़ाई के बाद लद्दाख के कारगिल की बर्फीली चोटियों पर पाकिस्तानी सैनिकों के खिलाफ जीत हासिल करने की घोषणा की थी। इस विजय की स्मृति में हर वर्ष 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस मनाया जाता है।
उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘27वें कारगिल विजय दिवस के अवसर पर द्रास स्थित कारगिल युद्ध स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित करके शहीदों को श्रद्धांजलि देना मेरे लिए अत्यंत सम्मान की बात है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पूरा देश हमारे उन वीर सैनिकों के अद्वितीय साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन करता है, जिन्होंने 1999 में ‘ऑपरेशन विजय’ के दौरान मातृभूमि की आन, बान और शान की रक्षा की।’’
सक्सेना ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी सैनिकों द्वारा प्रदर्शित अटूट साहस और संकल्प आज भी कालजयी प्रेरणा का स्रोत है, जो प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के अपने पवित्र कर्तव्य की याद दिलाता है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे वीर जवानों की गौरवशाली विरासत हमें सदैव प्रेरित करती रहेगी।’’
भाषा अमित सुभाष
सुभाष

Facebook


