मुख्यमंत्री धामी ने ‘फ्लाइंग कार’ बनाने वाले रवि टम्टा के स्टार्टअप को सरकारी मदद के निर्देश दिए

मुख्यमंत्री धामी ने ‘फ्लाइंग कार’ बनाने वाले रवि टम्टा के स्टार्टअप को सरकारी मदद के निर्देश दिए

Modified Date: September 2, 2026 / 11:10 pm IST
Published Date: September 2, 2026 11:10 pm IST

देहरादून, दो सितंबर (भाषा) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अधिकारियों को ‘फ्लाइंग कार’ बनाने वाले अल्मोड़ा के युवा नवोन्मेषक रवि टम्टा के स्टार्टअप को आवश्यक सरकारी सहयोग एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

धामी ने ये निर्देश मुख्यमंत्री आवास में टम्टा के साथ मुलाकात के दौरान दिए। टम्टा ने मुलाकात में मुख्यमंत्री को अपने तकनीकी नवाचार, उसकी प्रगति और भविष्य की कार्ययोजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने टम्टा के अभिनव प्रयासों की सराहना करते हुए मौके पर ही सचिव (उद्योग) को निर्देश दिए कि टम्टा के स्टार्टअप को नियमानुसार आवश्यक सरकारी सहयोग एवं सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जाए।

धामी ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं के तकनीकी प्रयोगों को धरातल पर उतारने के लिए आवश्यक सहयोग और अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

उन्होंने कहा, ‘‘उत्तराखंड के युवाओं के सपनों को पंख देना हमारी सरकार की प्राथमिकता है। हमारे युवा नए विचारों और आधुनिक तकनीक के साथ आगे बढ़ रहे हैं। सरकार उनके नवाचार को केवल प्रोत्साहित ही नहीं करेगी, बल्कि उसे धरातल पर उतारने के लिए हरसंभव सहयोग भी प्रदान करेगी।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दौर तकनीक और नवाचार का है और उत्तराखंड के युवा भी कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ड्रोन, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, एयरोस्पेस और अन्य आधुनिक तकनीकों के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं।

धामी ने कहा कि ऐसे नवाचार न केवल रोजगार के नए अवसर पैदा करते हैं, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा देते हैं।

भाषा दीप्ति शफीक

शफीक


लेखक के बारे में