एआई समिट में युवा कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन के पीछे मुख्यमंत्री सुक्खू का हाथ था: भाजपा विधायक

एआई समिट में युवा कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन के पीछे मुख्यमंत्री सुक्खू का हाथ था: भाजपा विधायक

एआई समिट में युवा कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन के पीछे मुख्यमंत्री सुक्खू का हाथ था: भाजपा विधायक
Modified Date: February 28, 2026 / 08:29 pm IST
Published Date: February 28, 2026 8:29 pm IST

शिमला, 28 फरवरी (भाषा) हिमाचल प्रदेश के भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने शनिवार को आरोप लगाया कि हाल में दिल्ली में आयोजित ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा ‘‘कमीज उतारकर किए गए’’ विरोध प्रदर्शन के पीछे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का हाथ था।

शर्मा ने एआई समिट में विरोध-प्रदर्शन को लेकर हिमाचल प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री सुक्खू पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे एक ‘‘गैर-जिम्मेदाराना’’ और ‘‘राष्ट्र-विरोधी’’ कृत्य करार दिया।

शर्मा ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि सुक्खू इस घटना के मुख्य षड्यंत्रकर्ता थे और उन्होंने राजनीतिक लाभ के लिए संवैधानिक और विधायी प्रक्रियाओं का दुरुपयोग किया।

बुधवार को शिमला में उस समय टकराव देखने को मिला, जब दिल्ली पुलिस की एक टीम ने हिमाचल प्रदेश की राजधानी के पास रोहड़ू के एक होटल से युवा कांग्रेस के तीन कार्यकर्ताओं को विरोध प्रदर्शन में कथित संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारियों के बाद दिल्ली और हिमाचल प्रदेश की पुलिस के बीच तनावपूर्ण गतिरोध पैदा हो गया, जो बृहस्पतिवार सुबह उस समय समाप्त हुआ जब दिल्ली पुलिस की टीम को अंततः तीनों आरोपियों के साथ वापस दिल्ली लौटने की अनुमति मिल गई।

शर्मा ने दावा किया कि विरोध प्रदर्शन में शामिल लोगों को दिल्ली के हिमाचल सदन में ठहराया गया था, और सुक्खू ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया कि कमरों की बुकिंग उनके कार्यालय के माध्यम से की गई थी।

मामले को अत्यंत गंभीर बताते हुए, शर्मा ने केंद्रीय एजेंसी द्वारा पूरे घटनाक्रम की उच्च स्तरीय जांच और मुख्यमंत्री तथा उनके कार्यालय की ‘‘भूमिका’’ की अलग से जांच की मांग की।

भाषा शफीक माधव

माधव


लेखक के बारे में