पूर्वोत्तर राज्यों में अपना आधार बढ़ाने का प्रयास कर रही है कॉकरोच जनता पार्टी: रांका

पूर्वोत्तर राज्यों में अपना आधार बढ़ाने का प्रयास कर रही है कॉकरोच जनता पार्टी: रांका

पूर्वोत्तर राज्यों में अपना आधार बढ़ाने का प्रयास कर रही है कॉकरोच जनता पार्टी: रांका
Modified Date: September 28, 2026 / 04:44 pm IST
Published Date: September 28, 2026 4:44 pm IST

गुवाहाटी, 28 सितंबर (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने सोमवार को कहा कि संगठन पूर्वोत्तर के सभी राज्यों में अपना आधार बढ़ाने की कोशिश कर रहा है और उसे सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।

उन्होंने कहा कि कॉजपा क्षेत्र में छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करेगी और उन्हें अपनी चिंताएं उठाने के लिए एक मंच उपलब्ध कराएगी।

रांका ने कहा, “कॉजपा पूर्वोत्तर के सभी राज्यों तक पहुंचेगी और अब तक प्रतिक्रिया अच्छी रही है। पूर्वोत्तर हमारे लिए महत्वपूर्ण है।”

उन्होंने यह बात असम पुलिस द्वारा यहां स्वयंसेवकों की बैठक से पहले उन्हें और कॉजपा के 40 से अधिक अन्य सदस्यों को करीब 10 घंटे तक हिरासत में रखने के एक दिन बाद कही।

रांका ने कहा कि पूर्वोत्तर के लोग ऐसे मंच की तलाश कर रहे हैं जो छात्रों व युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाए और कॉजपा उन्हें ऐसा विकल्प उपलब्ध कराएगी।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों से कथित तौर पर 13 करोड़ नाम हटाए जाने को लेकर सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग से संगठन पीछे नहीं हटेगा।

उन्होंने कुमार को चुनौती दी कि वह प्रेस और जनता के सामने अपने ऊपर लगे आरोपों पर स्पष्टीकरण दें।

रांका ने दावा किया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ने मतदाता सूचियों से नाम हटाकर 13 करोड़ लोगों के साथ ‘धोखाधड़ी’ की है।

उन्होंने सवाल किया कि इन आरोपों को लेकर भाजपा कुमार का ‘बचाव’ क्यों कर रही है।

रांका ने संवाददाताओं से कहा, ’48 घंटे तक गेंद कुमार के पाले में थी, अब यह कॉजपा के पाले में है। हम दो अक्टूबर से देशव्यापी विरोध प्रदर्शन शुरू करेंगे और उनके इस्तीफा देने तक पीछे नहीं हटेंगे। कॉजपा एक ऐसा मंच है, जो किसी मुद्दे में शामिल हो जाता है तो जीत मिलने तक उसे नहीं छोड़ता।’

भाषा जोहेब नरेश

नरेश


लेखक के बारे में