उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, झारखंड के एक शहर में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया

Ads

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, झारखंड के एक शहर में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया

  •  
  • Publish Date - December 17, 2024 / 11:21 PM IST,
    Updated On - December 17, 2024 / 11:21 PM IST

नयी दिल्ली, 16 दिसंबर (भाषा) उत्तर और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में मंगलवार को भी ठंड का प्रकोप जारी रहा। कश्मीर के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से कई डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया, जबकि झारखंड के कांके में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में मंगलवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। ठंड के कारण शहर के कई हिस्सों और घाटी में कुछ जगहों पर जलापूर्ति पाइप लाइन जम गई हैं।

गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

अधिकारियों ने बताया कि पंपोर के बाहरी इलाके में स्थित कोनीबाल घाटी में सबसे ठंडा दिन रहा और यहां तापमान शून्य से 8.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

काजीगुंड में तापमान शून्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे, कुपवाड़ा में शून्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस नीचे और कोकेरनाग में शून्य से 5.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने 26 दिसंबर तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है और 21 से 22 दिसंबर की मध्य रात्रि को घाटी के ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश में स्थानीय मौसम कार्यालय ने मंगलवार को अगले दो दिनों के लिए चार जिलों के निचले पहाड़ी और मैदानी इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर शीतलहर की स्थिति के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

मौसम विभाग ने बताया कि ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और मंडी जिलों में अलग-अलग स्थानों पर शीतलहर जारी रहने की संभावना है।

दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम था, जबकि अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

पंजाब में फरीदकोट के बाद अमृतसर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि लुधियाना और पटियाला दोनों में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

झारखंड में मंगलवार को अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया, जिसमें कांके 2.5 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य में सबसे ठंडा रहा।

भाषा यासिर सुरेश

सुरेश