हरियाणा और पंजाब में ठंड का प्रकोप जारी
हरियाणा और पंजाब में ठंड का प्रकोप जारी
चंडीगढ़, 25 जनवरी (भाषा) हरियाणा और पंजाब के कई क्षेत्रों में रविवार को ठंड का प्रकोप जारी रहा। नारनौल और फिरोजपुर इन दोनों राज्यों के सबसे ठंडे स्थान रहे, जहां न्यूनतम तापमान क्रमशः 2.6 डिग्री सेल्सियस और 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अन्य स्थानों में फरीदकोट, बठिंडा और गुरदासपुर में भी रात में ठंड रही, जहां न्यूनतम तापमान क्रमशः 4.5 डिग्री, 4 डिग्री और 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अमृतसर में भी ठंड का असर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं लुधियाना, पटियाला और मानसा में न्यूनतम तापमान क्रमशः 7.4 डिग्री, 6.2 डिग्री और 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हरियाणा में गुरुग्राम, भिवानी, सिरसा और फरीदाबाद में कड़ाके की ठंड रही, जहां न्यूनतम तापमान क्रमशः 3.3 डिग्री, 3.5 डिग्री, 3.2 डिग्री और 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अंबाला में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री और रोहतक में 5.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
भाषा अमित प्रशांत
प्रशांत

Facebook


