चंडीगढ़, 19 मार्च (भाषा) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) नेता प्रदीप जोशी ने बृहस्पतिवार को कहा कि पंजाब में मादक पदार्थों की समस्या एक गंभीर सामाजिक चुनौती है जिसे जड़ से खत्म करने के लिए समाज के सभी वर्गों के सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख जोशी ने कहा कि आरएसएस अपने मादक पदार्थ-रोधी अभियान को मजबूत करने के लिए राज्यभर में 145 से अधिक गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) के साथ सक्रिय रूप से सहयोग कर रहा है।
उन्होंने यहां कहा कि पंजाब में मादक पदार्थों की समस्या एक गंभीर सामाजिक चुनौती है, जिसे जड़ से खत्म करने के लिए समाज के सभी वर्गों के सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए आरएसएस युवाओं के लिए जागरूकता अभियान, परामर्श सत्र और अन्य कार्यक्रम आयोजित कर रहा है।
जोशी ने बताया कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और सकारात्मक एवं रचनात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
पंजाब का जिक्र करते हुए उन्होंने धर्मांतरण के मुद्दे पर भी चिंता व्यक्त की और कहा कि कुछ मामलों में समाज में जागरूकता की कमी के साथ-साथ प्रचलित आर्थिक और सामाजिक परिस्थितियों का फायदा उठाकर धर्मांतरण किया जाता है।
उन्होंने इस मामले में समाज को सतर्क रहने और आपसी एकता बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
भाषा देवेंद्र सुरभि
सुरभि