सेंट जेवियर पर टिप्पणी: गोवा पुलिस की खट्टर के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने की योजना
सेंट जेवियर पर टिप्पणी: गोवा पुलिस की खट्टर के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने की योजना
पणजी, 22 अप्रैल (भाषा) पुलिस दक्षिणपंथी कार्यकर्ता गौतम खट्टर के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी करने की योजना बना रही है, जो गोवा के संरक्षक संत माने जाने वाले सेंट फ्रांसिस जेवियर पर टिप्पणी करने के बाद से लापता हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने मंगलवार शाम को पत्रकारों को बताया कि पुलिस ने खट्टर की व्यापक तलाश शुरू कर दी है।
उन्होंने कहा, ‘‘आरोपी को दो दिन के भीतर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’’
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि गोवा पुलिस की एक टीम मंगलवार को देहरादून (उत्तराखंड) स्थित खट्टर के आवास पर गई थी, लेकिन वह वहां नहीं मिले।
पुलिस ने उन्हें समन जारी किया है और उन्हें जांच अधिकारी के समक्ष उपस्थित होने को कहा गया है, लेकिन उन्होंने उसका कोई जवाब नहीं दिया है।
अधिकारी ने बताया कि राज्य पुलिस खट्टर के खिलाफ एलओसी जारी करने की प्रक्रिया में है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वह देश से भाग न जाए।
सनातन महासंघ के संस्थापक खट्टर का 18 अप्रैल को स्वामी ब्रह्मेशानंद, राज्य के परिवहन मंत्री मौविन गोडिन्हो और भाजपा विधायकों संकल्प अमोनकर तथा दाजी (कृष्ण) सालकर की उपस्थिति में एक कार्यक्रम को संबोधित करने का एक वीडियो वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया।
वास्को पुलिस ने खट्टर के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को कथित तौर पर ठेस पहुंचाने और सांप्रदायिक फूट डालने की कोशिश करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। यह घटना सेंट फ्रांसिस जेवियर के खिलाफ उनके भाषण के बाद हुई, जिनके अवशेष ओल्ड गोवा के बेसिलिका ऑफ बॉम जीसस चर्च में संरक्षित हैं।
अधिकारियों ने बताया कि मामला राज्य पुलिस की अपराध शाखा को सौंप दिया गया है और साथ ही यह भी बताया कि खट्टर के खिलाफ राज्य में वास्को, ओल्ड गोवा, पणजी, मडगांव और अंजुना सहित एक दर्जन से अधिक स्थानों पर शिकायतें दर्ज कराई गई हैं।
गोवा और दमन के आर्चडायोसिस ने भी ‘घृणित और दुर्भावनापूर्ण’ टिप्पणियों की निंदा की है और कहा कि इसका मकसद संत फ्रांसिस जेवियर की विरासत को बदनाम करना है।
भाषा शोभना वैभव
वैभव

Facebook


