नेहरू पर टिप्पणी: भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव बी एल संतोष के खिलाफ बेंगलुरु में शिकायत दर्ज
नेहरू पर टिप्पणी: भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव बी एल संतोष के खिलाफ बेंगलुरु में शिकायत दर्ज
बेंगलुरु, 11 जून (भाषा) कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर कथित टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव बी एल संतोष के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
इसके साथ ही पार्टी ने कर्नाटक सरकार से सोशल मीडिया पर कांग्रेस नेताओं और स्वतंत्रता सेनानियों को निशाना बनाकर फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार, मानहानिकारक सामग्री और दुष्प्रचार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
बेंगलुरु के हाई ग्राउंड्स थाने में सौंपी गई शिकायत में बेंगलुरु पश्चिम जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष कुशल हारुवेगोडा ने संतोष के बयानों और सोशल मीडिया पोस्ट पर कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नेहरू और वी डी सावरकर के बीच की गई तुलना ऐतिहासिक तथ्यों को तोड़ती-मरोड़ती है और देश के प्रति नेहरू के योगदान को कमतर आंकती है।
हारुवेगोवडा ने शिकायत में कहा, ‘मेरे संज्ञान में आया है कि बी एल संतोष के बयानों और सोशल मीडिया पोस्ट में पंडित जवाहरलाल नेहरू और सावरकर के बीच इस तरह तुलना की गई है, जिससे कथित तौर पर ऐतिहासिक तथ्य विकृत होते हैं।’
उन्होंने तर्क दिया कि सार्वजनिक मंचों के माध्यम से असत्यापित या भ्रामक ऐतिहासिक दावे फैलाने से जनता के बीच गलतफहमियां पैदा हो सकती हैं, सांप्रदायिक व सामाजिक सद्भाव बिगड़ सकता है और राष्ट्रीय नेताओं की गरिमा को ठेस पहुंच सकती है।
हारुवेगोडा ने पुलिस से बयानों की प्रामाणिकता की जांच करने और कानून का उल्लंघन पाए जाने पर उचित कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
एक अलग प्रतिवेदन में कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के महासचिव एस मनोहर ने राज्य के गृह मंत्री प्रियंक खरगे को पत्र सौंपकर आरोप लगाया कि खुद को भाजपा सदस्य या समर्थक बताने वाले लोग सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से कांग्रेस नेताओं, स्वतंत्रता सेनानियों और प्रतिष्ठित हस्तियों के खिलाफ झूठी जानकारी, दुष्प्रचार और मानहानिकारक सामग्री फैला रहे हैं।
भाषा सुमित माधव
माधव

Facebook


