ममता बनर्जी के बांग्लादेश से संबंधित बयान के खिलाफ शिकायत दर्ज

Ads

ममता बनर्जी के बांग्लादेश से संबंधित बयान के खिलाफ शिकायत दर्ज

  •  
  • Publish Date - June 4, 2026 / 04:18 PM IST,
    Updated On - June 4, 2026 / 04:18 PM IST

कोलकाता, चार जून (भाषा) तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सुप्रीमो ममता बनर्जी की हालिया टिप्पणियों के खिलाफ एक अधिवक्ता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं की आलोचना संबंधी बनर्जी की हालिया टिप्पणियां और ‘‘बांग्लादेश में एक नेता की हत्या को केंद्र सरकार से जोड़ने वाला’’ बयान देश की संप्रभुता और सार्वजनिक व्यवस्था के लिए हानिकारक है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह शिकायत बुधवार को कलकत्ता उच्च न्यायालय की जलपाईगुड़ी सर्किट पीठ से संबद्ध अधिवक्ता रिंकू चटर्जी सिंह ने सिलीगुड़ी के साइबर पुलिस थाने में दर्ज कराई।

सिंह ने आरोप लगाया कि बनर्जी ने विभिन्न सार्वजनिक भाषणों, राजनीतिक मंचों और मीडिया से बातचीत के दौरान निर्वाचन आयोग तथा विधानसभा चुनावों के दौरान तैनात सशस्त्र बलों सहित संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ कथित तौर पर ‘‘भड़काऊ बयान’’ दिए।

अपनी शिकायत में सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री ने इन संस्थाओं की निष्पक्षता, तटस्थता और विश्वसनीयता पर सार्वजनिक रूप से सवाल उठाए, जिससे संस्थाओं और प्रशासनिक तंत्र के प्रति लोगों में अविश्वास और असंतोष पैदा करने का प्रयास किया गया।

शिकायत में वकील ने कहा, ‘‘इस तरह के आरोप कथित तौर पर जनता और मीडिया के सामने खुलेआम लगाए गए, जिसका स्पष्ट उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय समुदाय के समक्ष केंद्र सरकार की छवि और विश्वसनीयता को कम करना और दो संप्रभु राष्ट्रों के बीच शत्रुता पैदा करना था।’’

सिंह ने दो जून को रानी रासमणि सरणी पर आयोजित टीएमसी के एक कार्यक्रम का भी जिक्र किया और दावा किया कि बनर्जी ने कहा था कि ‘‘वह गृह मंत्रालय के साथ गोपनीय चर्चाओं से अवगत हैं और उन्होंने भारत सरकार और केंद्रीय गृह मंत्री को पड़ोसी बांग्लादेश में हुई एक नेता की हत्या से जोड़ा था।’’

शिकायतकर्ता ने कहा कि ये बयान ‘‘राजनीतिक लाभ और व्यक्तिगत राजनीतिक फायदे’’ के लिए दिए गए और प्रथम दृष्टया ये भारत की संप्रभुता, अखंडता और अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा के प्रतिकूल कृत्य प्रतीत होते हैं।

सिंह ने कहा कि ये टिप्पणियां ‘‘सार्वजनिक अव्यवस्था, सांप्रदायिक अशांति और विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य को भड़का सकती हैं’’ तथा भारत और बांग्लादेश के बीच राजनयिक संबंधों को प्रतिकूल रूप से प्रभावित कर सकती हैं।

तृणमूल कांग्रेस ने शिकायत में लगाए गए आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

इससे पहले भी अधिवक्ता ने 20 मई को टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी के खिलाफ एक शिकायत दर्ज कराई थी। उस शिकायत में आरोप लगाया गया था कि वर्ष 2025 और 2026 के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में बनर्जी द्वारा की गई टिप्पणियों से हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

भाषा आशीष नरेश

नरेश