रायपुरः Kavya Kumbh Season 2 राजधानी रायपुर और संस्कारधानी राजनांदगांव एक बार फिर कविता शायरी और सुरों के महाकुंभ के स्वागत के लिए पूरी तरह से तैयार है। इन दोनों शहरों में 5 से 7 जून तक काव्यकुंभ सीजन-2 का आयोजन होने जा रहा है। आयोजन में देश के नामचीन कवि शायर, गायक और कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समा बांधेंगे। इस बार आयोजन में छत्तीसगढ़ के प्रख्यात हास्य कवि स्वर्गीय डॉ. सुरेंद्र दुबे को विशेष श्रद्धांजलि भी दी जाएगी।
Kavya Kumbh Season 2 आयोजकों की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक 5 जून को काव्यकुंभ सीजन-2 की शुरुआत राजनांदगांव से होगी। वहीं 6 और 7 जून को राजधानी रायपुर के डूंडा स्थित कृष्णा पब्लिक स्कूल ऑडिटोरियम में साहित्य और संगीत का भव्य संगम देखने को मिलेगा। इस मंच पर मशहूर शायर वसीम बरेलवी, कवि आलोक श्रीवास्तव, अभिनेता एवं कवि पंकज झा, पद्मश्री अनुज शर्मा, कबीर कैफे, ज़ुबैर अली ताबिश, मामे खान सहित कई नामचीन कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। आयोजक अली खान रुमानी और उनकी टीम पिछले कई महीनों से इस आयोजन को यादगार बनाने में जुटी हुई है। वहीं आयोजन के ऑफिशियल सूत्रधार आरजी नमित का मानना है कि मंच पर आने वाले युवा कलाकारों को देश भर के प्रतिष्ठित कवियों और शायरों के साथ अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
रायपुर के कृष्णा पब्लिक स्कूल ऑडिटोरियम में 6 जून को शाम 4 से 5.30 बजे तक बाल कवि काव्यपाठ करेंगे। इसके बाद 6.30 बजे तक अभिनेता एवं कवि पंकज झा और पद्म श्री अनुज शर्मा के साथ संवाद के जरिए अपने विचार साझा करेंगे। 6.30 से 7.45 बजे तक अमनदीप ख्याल और हेली शाह, रात्रि 8 बजे से युग्म बैंड की प्रस्तुति होगी। इसके बाद 9 बजे से पार्श्व गायक मामे खान अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। इसके अलावा 7 जून को मुशायरा और कवि सम्मलेन का आयोजन होगा।