राहुल और खरगे की ओर से उठाई गई ‘वोट चोरी’ की चिंताएं सही साबित हुई हैं : मुख्यमंत्री शिवकुमार

Ads

राहुल और खरगे की ओर से उठाई गई ‘वोट चोरी’ की चिंताएं सही साबित हुई हैं : मुख्यमंत्री शिवकुमार

  •  
  • Publish Date - September 27, 2026 / 07:58 PM IST,
    Updated On - September 27, 2026 / 07:58 PM IST

बेंगलुरु, 27 सितंबर (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने रविवार को कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा ‘‘वोट चोरी’’ को लेकर उठाई गई चिंताएं सही साबित हुई हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में पार्टी इस मुद्दे पर आगे की रणनीति पर चर्चा करेगी।

शिवकुमार ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि इस मुद्दे ने निर्वाचन आयोग के कामकाज को सवालों के घेरे में ला दिया है और आगे की रणनीति पर चर्चा के लिए विपक्षी दलों की बैठक भी बुलाई गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘राहुल गांधी और खरगे ने जो कुछ कहा था, वह अब सही साबित हुआ है। मैं इस मुद्दे पर हमारे आगे के कदमों पर चर्चा करने आया हूं। पूरा देश इससे अवगत हो गया है। ऐसे में यह स्पष्ट होता जा रहा है कि चुनाव में काफी अनियमितताएं हुईं।’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने इस मुद्दे पर सीडब्ल्यूसी की बैठक बुलाई है और इसके बाद अन्य विपक्षी दल भी इस मामले पर चर्चा के लिए बैठक करेंगे।

भाजपा के इस आरोप पर कि कांग्रेस चुनावी हार की हताशा में यह मुद्दा उठा रही है, शिवकुमार ने कहा कि निर्वाचन आयोग ने खुद कांग्रेस द्वारा उठाए गए मुद्दों से मिलते-जुलते सवाल उठाए हैं।

‘इंडियन एक्सप्रेस’ की खबर में दावा किया गया है कि दो निर्वाचन आयुक्तों -सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी- ने पिछले 10 महीनों में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़े फैसलों और आदेशों पर कम से कम 14 बार आधिकारिक तौर पर आपत्ति जताई थी।

भाषा

शफीक नरेश

नरेश