हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पर भाजपा विधायक के सोशल मीडिया पोस्ट से कांग्रेस नाराज
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पर भाजपा विधायक के सोशल मीडिया पोस्ट से कांग्रेस नाराज
शिमला, 24 अक्टूबर (भाषा) हिमाचल प्रदेश के कांग्रेस नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक सुधीर शर्मा द्वारा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट की तीखी आलोचना की है।
शर्मा ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री की एक तस्वीर साझा की जिसमें वह अपने चित्र का एक स्केच पकड़े हुए हैं। तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, ‘प्रदेश के इतिहास में पहली बार, कार्टून का स्केच।’
इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए, मुख्यमंत्री के प्रमुख सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि शर्मा की ‘हताशा’ सिर्फ़ वही समझ सकते हैं, और सवाल किया कि वह इतने ‘परेशान’ क्यों हैं।
मीडिया से बातचीत में चौहान ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को राजनीतिक शिष्टता के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि विधायकों को मुख्यमंत्री का सम्मान करना चाहिए और राज्य में नेताओं के बीच भाईचारे की भावना बनी रहनी चाहिए।
चौहान ने कहा कि इस तरह के पोस्ट से मुख्यमंत्री की लोकप्रियता पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आलोचना तथ्यों पर आधारित होनी चाहिए, क्योंकि लोग व्यक्तिगत हमलों को पसंद नहीं करते।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी मीडियाकर्मियों से चर्चा के दौरान कहा कि राज्य की परंपरा और संस्कृति को बरकरार रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘मेरा मानना है कि सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप तथ्यों और मुद्दों पर केंद्रित होने चाहिए। राजनीतिक परिदृश्य में व्यक्तिगत हमलों से बचना चाहिए।’
आलोचना का जवाब देते हुए सुधीर शर्मा ने शुक्रवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘मैंने अपनी पोस्ट में मुख्यमंत्री का नाम नहीं लिया और अगर चौहान या किसी अन्य को लगता है कि वह मुख्यमंत्री हैं तो यह उनकी व्याख्या है।’
सोशल मीडिया पर इस पोस्ट को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं आई हैं। कुछ उपयोगकर्ताओं ने शर्मा की आलोचना करते हुए कहा कि उनका हमला व्यक्तिगत था, जबकि अन्य ने राज्य में राजनीति और शासन के गिरते स्तर पर टिप्पणी की।
शर्मा कांग्रेस के उन छह विधायकों में शामिल थे, जिन्होंने पिछले साल फरवरी में राज्यसभा चुनाव के दौरान भाजपा उम्मीदवार हर्ष महाजन के पक्ष में ‘क्रॉस-वोटिंग’ की थी। बाद में वह भाजपा में शामिल हो गए और धर्मशाला विधानसभा सीट से दोबारा चुने गए।
भाषा आशीष मनीषा
मनीषा

Facebook


